राज्य

जयपुर में फूड फैक्ट्री पर छापा, खाने-पीने की चीजों में मिलीं गंभीर खामियां!

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 21 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
जयपुर में फूड फैक्ट्री पर छापा, खाने-पीने की चीजों में मिलीं गंभीर खामियां!

जयपुर में खाद्य प्रतिष्ठान का निरीक्षण, फर्श पर मिला कच्चा माल और खाद्य पदार्थों पर फफूंदजयपुर, 21 अक्टूबर। त्योहारों के सीजन में आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जयपुर के बिंदायका स्थित HDD Food Private Limited के प्रतिष्ठान में निरीक्षण के दौरान स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आईं।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत के निर्देशन में विभागीय टीम ने एफ-68, रीको औद्योगिक क्षेत्र, सिरसी रोड, बिंदायका स्थित प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण, साफ-सफाई, तापमान नियंत्रण, पैकेजिंग और लेबलिंग की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान मैदा और अन्य कच्चा माल सीधे फर्श पर रखा मिला। सोया चाप और मोमोज के कंटेनर अस्वच्छ पाए गए। परिसर में खाद्य पदार्थ खुले रखे हुए थे, जिनके आसपास मक्खियां और कीड़े भी मौजूद थे। इसके अलावा कुछ खाद्य उत्पादों और पैकेटों पर फफूंद दिखाई दी।

आलू पराठा सहित कुछ खाद्य पदार्थ निर्धारित तापमान के बजाय सामान्य तापमान पर रखे मिले। इससे खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और कोल्ड-चेन व्यवस्था को लेकर कमियां सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान फ्रोजन सोया चाप की पैकेजिंग पर ग्लोबल कमोडिटीज, वसंत कुंज, नई दिल्ली का पता और अलग FSSAI नंबर अंकित मिला, जबकि संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस बिंदायका, जयपुर के नाम से है।

इस अंतर को देखते हुए विभाग की ओर से खाद्य उत्पादों के निर्माण, री-पैकिंग और आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान संचालक को कच्चे माल और तैयार खाद्य पदार्थों को फर्श से ऊपर रखने, परिसर की नियमित सफाई और सैनिटाइजेशन सुनिश्चित करने तथा प्रभावी पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था अपनाने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही खाद्य पदार्थों को निर्धारित तापमान पर रखने, खराब और फफूंदयुक्त उत्पादों को अलग करने तथा बैच विवरण और ट्रेसबिलिटी से संबंधित रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने को कहा गया। आवश्यकतानुसार खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जाएंगे। जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से त्योहारों के दौरान स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और तापमान नियंत्रण के मानकों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

वहीं, उपभोक्ताओं से खाद्य पदार्थ खरीदते समय पैकेजिंग की स्थिति, निर्माण एवं समाप्ति तिथि, लेबल और उत्पाद की गुणवत्ता की जांच करने का आग्रह किया गया है।

त्योहारों के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान मिलावटी, दूषित और असुरक्षित खाद्य पदार्थों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। प्रतिष्ठान के निरीक्षण में मिली कमियों के संबंध में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।