जयपुर में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर समारोह
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर के एसएमएस मेडिकल कॉलेज में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, मरीजों को बेहतर उपचार देने और मानसिक रोगों से जुड़े सामाजिक कलंक को दूर करने पर जोर दिया गया।
जयपुर,10 अक्टूबर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शनिवार को एसएमएस मेडिकल कॉलेज सभागार में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और मानसिक परेशानियों को लेकर समाज में व्याप्त झिझक दूर करने पर जोर दिया गया।
मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम ने कहा कि चिकित्सा संस्थानों को मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाते हुए मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इससे लोग अपनी परेशानियों के बारे में खुलकर बात कर सकेंगे और समय पर बीमारी की पहचान कर उचित उपचार प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में परिवार, समाज और सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. जोगाराम ने राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत किशोर स्वास्थ्य विषयक पोस्टर का विमोचन किया। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला मानसिक स्वास्थ्य इकाई प्रभारियों और पोस्टर प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। उन्होंने तनाव कम करने के लिए पसंदीदा गतिविधियों में भाग लेने और संगीत जैसी विधियों को अपनाने की बात कही। साथ ही वर्षभर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।
वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. शिव गौतम ने मानसिक रोगों से जुड़े सामाजिक कलंक को दूर करने की आवश्यकता बताई। अतिरिक्त मिशन निदेशक डॉ. टी. शुभमंगला ने जन्म से लेकर बुजुर्गावस्था तक जीवन के प्रत्येक चरण में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला।
समारोह में निदेशक एड्स डॉ. सुशील परमार ने लत और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर विचार रखे। वहीं, यूनिसेफ के हेल्थ स्पेशलिस्ट डॉ. अनिल अग्रवाल ने राजस्थान में मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और स्वयंसेवी संगठनों की भूमिका की जानकारी दी। अलख फाउंडेशन की रानू पाराशर ने मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में संगीत चिकित्सा के महत्व पर चर्चा की।
इस अवसर पर स्टेट नोडल ऑफिसर एनएमएचपी डॉ. एस.एम. स्वामी ने मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में एसपीएम डॉ. प्रदीप चौधरी ने अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।