राज्य

झाबुआ- वर्ष-2026 की अंतिम नेशनल लोक अदालत 12 दिसंबर को होगी आयोजित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
झाबुआ- वर्ष-2026 की अंतिम नेशनल लोक अदालत 12 दिसंबर को होगी आयोजित

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार वर्ष-2026 की अंतिम नेशनल लोक अदालत का आयोजन आगामी 12 दिसंबर को जिला न्यायालय झाबुआ सहित तहसील न्यायालय पेटलावद, थांदला में किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने तथा अधिकाधिक प्रकरणों का आपसी राजीनामा एवं समझौते के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ आशिता श्रीवास्तव के अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में समय-समय पर तैयारियों संबंधी बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में जिला न्यायालय झाबुआ में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्तागण, विभिन्न बैंकों के अधिकारियों, नगरपालिका, बीएसएनएल तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित कर नेशनल लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। बैठकों में न्यायिक अधिकारियों द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है कि वे अपने विभाग से संबंधित अधिक से अधिक समझौता योग्य प्रकरणों को चिन्हित कर नेशनल लोक अदालत में प्रस्तुत करें।

साथ ही प्रकरणों में संबंधित पक्षकारों से पूर्व में ही संपर्क स्थापित कर उन्हें आपसी सहमति एवं राजीनामे के माध्यम से विवादों का समाधान करने के लिए प्रेरित करें। पक्षकारों को नेशनल लोक अदालत के लाभों की जानकारी देते हुए उन्हें समझौते के लिए प्रोत्साहित करने तथा प्रकरणों के निराकरण में आने वाली कठिनाइयों का समय रहते समाधान करने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।