झांसी में 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल:ग्राहकों को अलर्ट के मैसेज भेजे जा रहे, बैंकिंग संबंधी काम निपटाने की अपील
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →झांसी में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल को देखते हुए बैंक अपने ग्राहकों को अलर्ट कर रहे हैं। स्टेट बैंक समेत अन्य बैंकों की ओर से ग्राहकों को मैसेज भेजकर जरूरी बैंकिंग काम 27 सितंबर तक निपटाने की अपील की जा रही है। हड़ताल के दौरान बैंक शाखाएं बंद रहने की स्थिति में ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग और एटीएम जैसी सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
स्टेट बैंक की ओर से भेजे गए वाट्सऐप मैसेज में बताया गया है कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिन की हड़ताल का प्रस्ताव दिया है। बैंक ने कहा है कि हड़ताल के दौरान जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके बावजूद ग्राहकों से अपील की गई है कि वे हड़ताल शुरू होने से पहले अपने जरूरी काम पूरे कर लें।
ATM और डिजिटल बैंकिंग का करें इस्तेमाल बैंक ने ग्राहकों को हड़ताल के दौरान नकदी की जरूरत को देखते हुए पहले से एटीएम और एडीडब्ल्यूएम से पैसे निकालने की सलाह दी है। इसके अलावा ग्राहक सेवा केंद्र का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इंटरनेट बैंकिंग, योनो, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई समेत अन्य डिजिटल माध्यमों से भी बैंकिंग से जुड़े काम किए जा सकेंगे।
बैंक की ओर से ग्राहकों को सलाह दी गई है कि हड़ताल के दिनों में शाखा पर निर्भर रहने के बजाय इन सेवाओं का इस्तेमाल करें। 14 हजार रेलकर्मियों के खाते में आज आएगा वेतन बैंक हड़ताल के असर को देखते हुए रेलवे ने भी अपने कर्मचारियों की सितंबर की सैलरी समय से पहले जारी करने का फैसला किया है।
झांसी मंडल के करीब 14 हजार रेलकर्मियों के बैंक खातों में आज यानी 25 सितंबर को सितंबर का वेतन भेजा जाएगा। मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 28 सितंबर से बैंक बंद रहने की संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। सभी कर्मचारियों के खातों में 25 सितंबर को वेतन पहुंचाने की प्रक्रिया की जा रही है।
फाइव डे वर्किंग की मांग को लेकर हड़ताल बैंक कर्मचारी लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन काम की व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि काम के दबाव को देखते हुए उन्हें राहत मिलनी चाहिए। इसी मांग को लेकर बैंक कर्मचारी 11 सितंबर को एक दिन की हड़ताल भी कर चुके हैं।
अब यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल का प्रस्ताव दिया है। इससे झांसी समेत देशभर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है।
📡 स्रोत: NewsData.io