राजनीति

झारखंड के 595 मंडलों में भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करेगी भाजपा : आदित्य साहू

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 25 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
झारखंड के 595 मंडलों में भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करेगी भाजपा : आदित्य साहू

रांची में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की प्रेसवार्ता, कहा- हेमंत सरकार ने जनता के सपनों को चकनाचूर किया, पिछड़ों को उनके अधिकारों से वंचित नहीं होने देंगे।

Short Headline: झारखंड के 595 मंडलों में भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करेगी भाजपा : आदित्य साहू

25 अक्टूबर, रांची: भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राज्य सरकार पर जनता के सपनों को चकनाचूर करने, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने, कानून-व्यवस्था को बदहाल करने और युवाओं को रोजगार के वादे से वंचित रखने का आरोप लगाया। उन्होंने घोषणा की कि भाजपा राज्य के सभी 595 मंडलों में भ्रष्टाचार एवं अन्य ज्वलंत मुद्दों को लेकर व्यापक आंदोलन करेगी।

श्री साहू ने दो दिवसीय कार्यसमिति की बैठक में अपेक्षित कार्यकर्ताओं की लगभग 95 प्रतिशत उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और समर्पण सराहनीय है। इसके लिए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने झारखंड की जनता की उम्मीदों पर पानी फेरने का काम किया है। राज्य की स्थिति लगातार बदहाल होती जा रही है। झामुमो-कांग्रेस के नेता अपनी कमियों को स्वीकार कर उनमें सुधार करने के बजाय उन्हें छिपाने में अधिक ऊर्जा लगा रहे हैं। यदि इतनी ही चिंता राज्य की बेहतरी के लिए की जाती, तो आज झारखंड की यह दुर्दशा नहीं होती।

श्री साहू ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। झारखंड़ के छात्रों की नौकरी को पैसे लेकर बेची गयी है। भ्रष्ट पदाधिकारी जेल में हैं। राज्य में आज भी आदिवासियों की हत्या हो रही है और उनकी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। कोयला, लोहा और बालू की चोरी हो रही है। अवैध खनन के मुद्दे पर भी उन्होंने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। इसी क्रम में राज्य के सभी 595 मंडलों में आंदोलन चलाकर जनता के बीच सरकार की विफलताओं को उजागर किया जाएगा।

पंचायत चुनाव के मुद्दे पर प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार से ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद ही चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पिछड़े समाज को उनका उचित अधिकार और आरक्षण मिलना चाहिए। भाजपा पिछड़ों के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार पिछड़े समाज को उसके हक से वंचित रखने की मंशा से काम कर रही है। पांच लाख नौकरियों और पिछड़ों को आरक्षण देने जैसे वादों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है।

उन्होंने कहा कि एमएमडीआर का स्वागत पूरे देश मे हो रहा है। सिर्फ झारखंड़ में कोयला चोरी करने के लिए विरोध हो रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल बेमिसाल और ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने पहली बार महसूस किया है कि गांव, गरीब, किसान और आम लोगों की समस्याओं की चिंता करने वाला नेतृत्व देश की बागडोर संभाल रहा है। प्रधानमंत्री ने जनकल्याण और विकास को शासन के केंद्र में रखा है।

श्री साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस देश को अराजकता की स्थिति में पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने वाले लोग लोकतंत्र बचाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में गुंडागर्दी और झूठ की राजनीति नहीं चलेगी। भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन और जनहित के मुद्दों पर अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, अमर कुमार बाउरी, मनोज कुमार सिंह एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।

बाइट- आदित्य साहू, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।