विदेश

झारखंड में एसआईआर के तहत फॉर्म-6 के 8.59 लाख आवेदन प्राप्त, डिजिटाइजेशन में तेजी के निर्देश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 22 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
झारखंड में एसआईआर के तहत फॉर्म-6 के 8.59 लाख आवेदन प्राप्त, डिजिटाइजेशन में तेजी के निर्देश

झारखंड में एसआईआर के तहत 8.59 लाख फॉर्म-6 आवेदन मिले, सीईओ के. रवि कुमार ने पात्र युवाओं के पंजीकरण और आवेदनों के डिजिटाइजेशन में तेजी लाने के दिए निर्देश।

Short Headline: झारखंड में एसआईआर के तहत फॉर्म-6 के 8.59 लाख आवेदन प्राप्त, डिजिटाइजेशन में तेजी के निर्देश

22 अक्टूबर, रांची: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, एसआईआर के तहत सभी पात्र भारतीय नागरिकों के नाम शामिल करने तथा सूची को शुद्ध, अद्यतन, समावेशी और त्रुटिरहित बनाने का कार्य जारी है। इसके अंतर्गत गणना प्रपत्रों का संग्रहण और डिजिटाइजेशन, प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन तथा दावे-आपत्तियों के माध्यम से सत्यापन और अद्यतन का कार्य किया जा रहा है।

झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को पात्र भारतीय नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए किए जा रहे कार्य को तेज करने का निर्देश दिया है। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि कोई अपात्र अथवा विदेशी व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो सके। उन्होंने कहा कि समावेशिता स्वच्छ मतदाता सूची की प्रमुख विशेषता है। पिछले पुनरीक्षण के बाद लगभग दो वर्ष बीतने पर भी मतदाता सूची में वृद्धि 4 प्रतिशत से कम है, जबकि कम-से-कम 8 प्रतिशत वृद्धि अपेक्षित थी।

उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर के रिपोर्ट के अनुसार झारखंड के 31,892 मतदान केंद्रों के लिए प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में 2,21,01,249 मतदाता दर्ज हैं। अब तक फॉर्म-6 के 8,59,162 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके आधार पर नए मतदाताओं के समावेशन में 3.89 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। प्रति मतदान केंद्र औसतन 27 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

जिलावार वृद्धि कोडरमा में 5.80, पलामू में 4.86, पश्चिमी सिंहभूम में 4.85, खूंटी में 4.38 तथा सिमडेगा में 4.35 प्रतिशत रही। सबसे कम वृद्धि पाकुड़ में 2.85, जामताड़ा में 2.87, देवघर में 2.89, गोड्डा में 3.13 तथा दुमका में 3.22 प्रतिशत दर्ज हुई।

विधानसभा क्षेत्रवार धनबाद में 6.18, कोडरमा में 5.80, मझगाँव में 5.47, जमशेदपुर पश्चिम में 5.35 तथा डाल्टनगंज में 5.22 प्रतिशत वृद्धि हुई। वहीं, चंदनकियारी में 2.56, महेशपुर में 2.65, सारठ में 2.68, नाला में 2.74 तथा गोड्डा में 2.83 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जिलावार और विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा के आधार पर फॉर्म-6 आवेदनों के डिजिटाइजेशन तथा पात्र भारतीय नागरिकों के नाम शामिल करने में तेजी लाने को कहा है। मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में मतदाता सूची की शुद्धता के साथ प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक को सूचीबद्ध एवं अपात्र अथवा विदेशी व्यक्ति को मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके इस हेतु विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि युवा पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों का सहयोग अपेक्षित है। इस दिशा में शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से युवाओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने तथा पात्र युवाओं से फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया को गति देने पर विशेष जोर दिया जाए। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों में शैक्षणिक संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र युवा भारतीय नागरिक मतदात सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों को शामिल करने के लिए बूथ स्तर पर नियमित समीक्षा एवं प्रभावी निगरानी आवश्यक है। सभी बीएलओ सुपरवाइजर अपने अधीनस्थ बीएलओ के कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा प्रत्येक बूथ पर प्रतिदिन कम-से-कम दो नए फॉर्म-6 का डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करें।

जिन बूथों पर डिजिटाइजेशन की प्रगति अपेक्षाकृत कमजोर है, वहां संबंधित बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करते हुए कार्य में तेजी लाई जाए। होम-टू-रोल वेरिफिकेशन के दौरान सामने आए ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों की भी पहचान की जाए, जिन्हें आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता, फॉर्म भरने अथवा पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने में किसी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता है।

ऐसे पात्र नागरिकों को नियमानुसार आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराते हुए मतदाता सूची में पंजीकृत किया जाए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।