अपराध

झुंझुनूं की 167 ग्राम पंचायतों में मतदान शुरू, बूथों पर लगी कतारें

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
झुंझुनूं की 167 ग्राम पंचायतों में मतदान शुरू, बूथों पर लगी कतारें

झुंझुनूं जिले की 6 पंचायत समितियों की 167 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मतदान जारी है। जिले के 604 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से बैलेट पेपर के जरिए वोटिंग शुरू हुई, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। सरपंच पद के लिए 957 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

30 अक्टूबर,झुंझुनूं। गांव की सरकार चुनने के लिए झुंझुनूं जिले में लोकतंत्र का महापर्व शुरू हो चुका है। जिले की 6 पंचायत समितियों की 167 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान शुरू होते ही कई बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। ग्रामीण अपने गांव का मुखिया चुनने के लिए पूरे उत्साह के साथ मतदान केंद्र पहुंच रहे हैं।

खास बात यह है कि पहली बार मतदान करने वाले युवा भी लोकतंत्र के इस उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। जिले के 604 मतदान केंद्रों पर शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

झुंझुनूं जिले में पंचायत चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। जिले की छह पंचायत समितियों की 167 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मतदान करवाया जा रहा है। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होते ही ग्रामीण अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। कई बूथों पर शुरुआती घंटों में ही मतदाताओं की कतारें लग गईं। गांव की सरकार चुनने के लिए महिला और पुरुष मतदाता पूरे उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदाताओं का कहना है कि उन्होंने गांव के विकास, सड़क, पानी, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने वाले प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया है।

जिले के 604 मतदान केंद्रों पर शाम 6 बजे तक मतदान होगा। सरपंच पद के लिए कुल 957 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। प्रत्याशियों की संख्या के लिहाज से झुंझुनूं और चिड़ावा पंचायत समिति क्षेत्रों में सबसे ज्यादा 175-175 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि सिंघाना में सबसे कम 131 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, चिड़ावा की सोलाना ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए सबसे ज्यादा 19 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। ऐसे में इस पंचायत का चुनावी मुकाबला भी खासा दिलचस्प बना हुआ है। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी और इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले में 2803 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। इनमें सुरक्षा की दृष्टि से 52 मतदान केंद्रों को क्रिटिकल घोषित किया गया है। इन संवेदनशील मतदान केंद्रों पर आईओ सहित पांच हथियारबंद पुलिसकर्मियों का अतिरिक्त जाब्ता तैनात रहेगा।

इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए 50 मोबाइल टीमें और 24 सुपरवाइजर अधिकारी भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार मतदान केंद्रों का जायजा ले रही हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

इस पंचायत चुनाव में युवाओं की भागीदारी भी देखने को मिल रही है। पहली बार मतदान करने वाले युवा अपने मताधिकार का प्रयोग कर उत्साहित नजर आ रहे हैं। वहीं, बुजुर्ग और महिला मतदाता भी सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। मतदान केंद्रों पर चुनावी प्रक्रिया बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न करवाई जा रही है। ग्रामीणों में अपने गांव के विकास और बेहतर नेतृत्व को लेकर उम्मीदें नजर आ रही हैं।

बाइट - पवन मीणा, तहसीलदार, झुंझुनूं

बाइट - मोना, मतदाता

बाइट - रौनक, पहली बार मतदान करने वाली मतदाता

बाइट - राजेंद्र सिंह, बाकरा ग्राम पंचायत निवासी

बाइट - बृजलाल, मतदाता

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।