राजनीति

जिला कलेक्टर की पत्रकार वार्ता

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
जिला कलेक्टर की पत्रकार वार्ता

तीन चरणों में होंगे पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव, जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए ईवीएम और सरपंच-पंच के लिए मतपेटी से मतदान

झुंझुनूं, 6 अक्टूबर। पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने सोमवार शाम 6 बजे कलेक्टर सभागार में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने चुनाव की तैयारियों, मतदान प्रक्रिया और प्रशासन की व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए मतदाताओं से लोकतंत्र के पर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले में पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में पंचायत समिति वार आयोजित होंगे। चुनावी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 29 प्रकोष्ठों का गठन किया गया है। इन प्रकोष्ठों की बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान ईवीएम के माध्यम से होगा, जबकि पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतपेटी से मतदान कराया जाएगा। चुनाव के बाद ईवीएम को पहले रिटर्निंग अधिकारी स्तर पर और इसके बाद जिला मुख्यालय पर जमा कराया जाएगा। मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर की जाएगी।

डॉ. गर्ग ने बताया कि चुनाव की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो चुकी है। इसके अनुपालन की प्रभावी रूप से निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें राज्य निर्वाचन आयोग के आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया जा चुका है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने तथा किसी भी मतदाता को परेशानी नहीं होने देने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने बताया कि मतदान दलों को पांच दिवस के लिए मतदान स्थल पर रखा जाएगा। इसके मद्देनजर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए टीम गठित कर तैयारियां शुरू की जा रही हैं।

डॉ. गर्ग ने जिले के मतदाताओं से अपील की कि वे पंचायत राज चुनाव को लोकतंत्र के उत्सव के रूप में मनाएं और अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करें। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (कार्यवाहक) परशुराम धानका सहित बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।

बाइट: अरुण गर्ग (जिला निर्वाचन अधिकारी)

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।