अपराध

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 4 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

चित्तौड़गढ़, 3 नवंबर। पंचायत राज आम चुनाव-2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने चित्तौड़गढ़ एवं भदेसर पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के औछड़ी गांव में बूथ संख्या 103 से 106 तक चार मतदान केंद्रों तथा आदर्श मतदान केंद्र देवरी के दो बूथों का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त भदेसर पंचायत समिति के धीरजी का खेड़ा स्थित बूथ संख्या 96 पर पहुंचकर मतदान संबंधी तैयारियों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कार्मिकों से व्यवस्थाओं एवं तैयारियों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदाता भयमुक्त वातावरण में बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग कर सकें। उन्होंने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक प्रबंध समय पर पूर्ण करने पर जोर दिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने 5 नवंबर को होने वाले सरपंच एवं वार्ड पंच चुनाव के मद्देनजर मतदान केंद्रों पर जनरेटर एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं तथा व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।