जिलाधिकारी ने चौरा चाँदपुर एवं पुरसा गौशाला का किया औचक निरीक्षण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कन्नौज में सोमवार को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने चौरा चाँदपुर एवं पुरसा स्थित गौशालाओं का औचक निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं गौशाला संचालकों को निर्देश दिए कि गोवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।निरीक्षण के दौरान चौरा चाँदपुर स्थित गौशाला में कुल 170 गोवंश संरक्षित पाए गए।
जिलाधिकारी ने गौशाला में उपलब्ध क्षेत्रफल एवं निर्धारित मानकों के सापेक्ष गोवंशों की संख्या अधिक पाए जाने पर निर्देश दिए कि अतिरिक्त गोवंशों को अन्य उपयुक्त गौशाला में स्थानांतरित किया जाए, ताकि सभी गोवंशों को पर्याप्त स्थान एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। गौशाला में गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल साफ-सफाई कराने तथा परिसर को नियमित रूप से स्वच्छ रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गोवंशों के लिए स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त भूसा एवं हरे चारे की उपलब्धता के साथ ही उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।इसी क्रम में जिलाधिकारी ने ऋषिराज स्वदेशी प्रोड्यूसर कंपनी संस्था द्वारा संचालित पुरसा गौशाला में पहुंच कर विधि विधान के साथ गोवर्धन पूजा की।
इस गौशाला में कुल 200 गोवंश संरक्षित पाए गए। उन्होंने गोवंश एवं नंदी के लिए अलग-अलग शेड बनाए जाने के निर्देश दिए, जिससे उनके रखरखाव एवं देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। गौशाला परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने संबंधितों को कड़ी चेतावनी देते हुए नियमित साफ-सफाई, गोबर के उचित निस्तारण तथा परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि गौशालाओं में स्वच्छता एवं गोवंशों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी गौशालाओं में स्वच्छता, पर्याप्त चारा, पेयजल, उचित शेड एवं गोवंशों की नियमित देखभाल की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
गोवंशों के संरक्षण एवं संवर्धन में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।