जोधपुर में 154 शहीद पुलिसकर्मियों को नमन, दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जोधपुर पुलिस आयुक्तालय और रातानाडा पुलिस लाइन में पुलिस शहीद दिवस पर 154 शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया के नेतृत्व में गार्ड ऑफ ऑनर देकर शहीदों के बलिदान को याद किया गया।
जोधपुर, 21 अक्टूबर। पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर 21 अक्टूबर को जोधपुर पुलिस आयुक्तालय परिसर और रातानाडा पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीते एक वर्ष के दौरान देश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और जनसेवा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले 154 पुलिस अधिकारियों और जवानों को याद कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जवानों, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और आमजन ने शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। साथ ही पुष्पचक्र और पुष्पमालाएं अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
मीडिया से बातचीत के दौरान पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया ने कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और सीमाओं की सुरक्षा जैसी कई चुनौतियों का सामना पुलिस को करना पड़ता है। पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए आमजन की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस शहीद दिवस एक ओर दुख और संवेदना का अवसर है, तो दूसरी ओर यह देशसेवा के प्रति दृढ़ संकल्प को मजबूत करने का दिन भी है।
पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिसकर्मियों से शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए देश और आमजन की सेवा के लिए सर्वश्रेष्ठ योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान शहीद पुलिसकर्मियों की वीरता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया गया। पुलिस शहीद दिवस के माध्यम से उनके त्याग और समर्पण को सम्मान देते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
देश की सुरक्षा और आमजन की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।
बाईट - अंशुमन भोमिया, पुलिस आयुक्त, जोधपुर