अपराध

जोधपुर में मतदान जारी, क्रिटिकल बूथों पर कड़ा पहरा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
जोधपुर में मतदान जारी, क्रिटिकल बूथों पर कड़ा पहरा

जोधपुर जिले में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के दूसरे चरण के तहत 441 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। मतदान केंद्रों पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

30 अक्टूबर,जोधपुर। जोधपुर जिले में गांव की सरकार चुनने के लिए लोकतंत्र का महापर्व जारी है। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के दूसरे चरण के तहत जिले की 441 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान करवाया जा रहा है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया में ग्रामीण बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। वहीं, चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिले की 70 ग्राम पंचायतों के 93 क्रिटिकल बूथों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।

जिले में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले की 17 पंचायत समितियों की 441 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदाता अपने गांव का प्रतिनिधि चुनने के लिए सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। महिला, पुरुष और युवा मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। इसके बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना करवाकर परिणाम घोषित किए जाएंगे। वहीं, शनिवार 31 अक्टूबर को उप सरपंच पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी।

द्वितीय चरण के मतदान के दौरान बनाड़, आसोप, बावड़ी, भोपालगढ़, बिलाड़ा, धवा, हतुंडी, झंवर, कापरड़ा, केरू, लूणी, मंडोर, ओसियां, पीपाड़ सिटी, सालवा खुर्द, सामराऊ, तिंवरी और उम्मेदनगर सहित विभिन्न पंचायत समिति क्षेत्रों में चुनावी प्रक्रिया जारी रही। कई ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने आपसी सहमति और सर्वसम्मति से निर्विरोध सरपंच भी चुने हैं। वहीं, अन्य ग्राम पंचायतों में प्रत्याशियों के बीच चुनावी मुकाबला देखने को मिल रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन के निर्देशानुसार मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

पंचायत चुनाव में मतदाता गांव के विकास और बुनियादी सुविधाओं को प्रमुखता दे रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क, पेयजल संकट और रोड लाइट जैसी समस्याएं उनके क्षेत्र के प्रमुख मुद्दे हैं। मतदाताओं का कहना है कि वे ऐसे प्रत्याशी को चुनना चाहते हैं, जो गांव की समस्याओं को समझे और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनता के बीच उपलब्ध रहे।

चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। जिले की 70 ग्राम पंचायतों में 93 मतदान केंद्रों को क्रिटिकल बूथ के रूप में चिह्नित किया गया है। इन बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ हथियारबंद जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक टीमें लगातार मतदान केंद्रों की निगरानी कर रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय और दबाव के स्वतंत्र रूप से मतदान का अवसर उपलब्ध करवाना है।

बाइट - पूजा सोनी, मतदाता

बाइट - वर्षा विश्नोई, मतदाता

बाइट - अजय सिंह, मतदाता

बाइट - मनीष चौधरी, डीसीपी, जोधपुर

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।