राज्य

जुन्गा क्षेत्र में जियो नेटवर्क की खराबी से उपभोक्ता परेशान, ऑनलाइन पढ़ाई से लेकर डिजिटल कार्यों तक पर पड़ रहा असर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
जुन्गा क्षेत्र में जियो नेटवर्क की खराबी से उपभोक्ता परेशान, ऑनलाइन पढ़ाई से लेकर डिजिटल कार्यों तक पर पड़ रहा असर

अक्तूबर 28, शिमला (हिमाचल प्रदेश): जुन्गा तहसील के पीरन, नालटा, देवठी, ट्रहाई, चिखर, सतलाई, ब्लोग, कोटी, जनेडघाट, डुब्लु और भडेच सहित आसपास के गांवों में जियो मोबाइल नेटवर्क की खराब स्थिति से उपभोक्ता परेशान हैं। नेटवर्क बार-बार बाधित होने से लोगों के जरूरी ऑनलाइन कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

वहीं, ऑनलाइन कक्षाएं लगाने वाले विद्यार्थियों को भी पढ़ाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, सुबह और रात के समय समस्या अधिक गंभीर हो जाती है तथा नेटवर्क कई-कई मिनट तक गायब रहता है। इस समय विशेषकर विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए नेटवर्क की ज्यादा जरूरत रहती है। क्षेत्र के प्रीतम सिंह, जय सिंह शर्मा, दीपक ठाकुर, मनोहर सिंह और नेक राम सहित अन्य लोगों का कहना है कि मौजूदा डिजिटल दौर में इंटरनेट शिक्षा, बैंकिंग और अन्य जरूरी कार्यों का प्रमुख माध्यम बन गया है।

इसके बावजूद कमजोर नेटवर्क के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार, इस समस्या को लेकर पहले भी जियो के क्षेत्रीय प्रभारी प्रदीप शर्मा से बात की गई थी। उस समय नेटवर्क की जांच करवाकर व्यवस्था में सुधार करने और क्षेत्र को 5जी सुविधा से जोड़ने का आश्वासन दिया गया था।

हालांकि, करीब दो महीने बीत जाने के बाद भी न तो नेटवर्क की जांच हुई और न ही समस्या का समाधान हो पाया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि महंगे रिचार्ज करवाने के बावजूद उन्हें बेहतर इंटरनेट सेवा नहीं मिल रही है। क्षेत्र के कुछ हिस्सों में एयरटेल का नेटवर्क बेहतर बताया जा रहा है, जबकि ठूंड सहित कुछ इलाकों में नेटवर्क कवरेज की समस्या बनी हुई है।

ऐसे में कई उपभोक्ता जियो नंबर को दूसरी कंपनी में पोर्ट करवाने पर विचार कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग नंबर पोर्ट भी करवा चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार से जियो कंपनी के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर नेटवर्क व्यवस्था में सुधार करवाने की मांग की है। उन्होंने कंपनी से क्षेत्र में तकनीकी जांच करवाकर समस्या का स्थायी समाधान करने का आग्रह किया है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई और आम लोगों के जरूरी ऑनलाइन कार्य सुचारू रूप से हो सकें।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।