जुन्गा सशस्त्र वाहिनी में 60 कर्मियों को मिला स्टार परफॉर्मर पुरस्कार
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कमांडेंट ने उत्कृष्ट और कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को किया सम्मानित
अक्तूबर 27, शिमला (हिमाचल प्रदेश): प्रथम हिमाचल प्रदेश सशस्त्र वाहिनी, जुन्गा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 60 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्टार परफॉर्मर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कमांडेंट भूपेंद्र सिंह नेगी, के नेतृत्व में आयोजित इस पहल का उद्देश्य कार्मिकों के समर्पण, कार्यकुशलता और वाहिनी के विकास में उनके योगदान को प्रोत्साहित करना है।
कमाडेंट भूपेन्द्र नेगी ने बताया कि पुरस्कार प्राप्त करने वाले कार्मिकों ने नियमित ड्यूटी के अतिरिक्त विभिन्न शाखाओं, कार्यालयों और अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्षेत्रों में जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य किया। उनके योगदान से वाहिनी की प्रशासनिक व्यवस्था, कार्यप्रणाली और विभिन्न गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिली।
उन्होंने बताया कि वाहिनी में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पहचान दिलाने और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए स्टार परफॉर्मर पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। इस पहल के माध्यम से कार्मिकों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कमाडेंट नेगी ने बताया कि वाहिनी में सुरक्षा व्यवस्था, प्रशिक्षण, कार्यालय प्रबंधन, प्रशासनिक कार्यों तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रहती है। ऐसे में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों को सम्मानित करने से अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
कमांडेंट नेगी ने कार्मिकों के उत्कृष्ट कार्यों को पहचान देने की इस पहल के माध्यम से वाहिनी में सकारात्मक कार्य-संस्कृति, टीम भावना और कर्तव्यनिष्ठा को बढ़ावा देने पर जोर दिया है। पुरस्कार वितरण को कर्मचारियों के योगदान की सराहना के साथ-साथ संस्थान की कार्यक्षमता को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वाहिनी में भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रयास जारी रहेगा ताकि अनुशासन, समर्पण और कार्यकुशलता के उच्च मानकों को बनाए रखा जा सके।