व्यापार

कैनरा बैंक के SHG शिविर में महिला उद्यमियों को मिला प्रोत्साहन, 70 से अधिक स्वयं सहायता समूहों ने लिया हिस्सा

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 13 अक्टूबर 2026 👁️ 4 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
कैनरा बैंक के SHG शिविर में महिला उद्यमियों को मिला प्रोत्साहन, 70 से अधिक स्वयं सहायता समूहों ने लिया हिस्सा

भोपाल। महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कैनरा बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा मंगलवार को स्वयं सहायता समूह (SHG) शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख रविचंद्रन थोटा ने की। शिविर में भोपाल जिले के 70 से अधिक स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में एनआरएलएम की प्रतिनिधि रेखा पांडे, एनयूएलएम के प्रतिनिधि आशीष मिश्रा और नगर निगम के प्रतिनिधि धनंजय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भोपाल जिले की विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधकों ने भी सहभागिता की।

महिलाओं के उत्पादों की प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान

शिविर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया, उत्पादों की सराहना की और महिलाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान महिलाओं को अपने उत्पादों और उद्यमों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कैनरा बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख रविचंद्रन थोटा ने स्वयं सहायता समूहों को बैंक की ओर से हरसंभव सहयोग और सहायता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यह पहल स्वयं सहायता समूहों, नगर निगम और बैंक के संयुक्त प्रयास का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य समावेशी विकास को बढ़ावा देना है।

एनआरएलएम की प्रतिनिधि रेखा पांडे ने स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल का निरीक्षण कर महिलाओं को प्रोत्साहित किया और उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने कैनरा बैंक की इस पहल की सराहना की। वहीं, एनयूएलएम के प्रतिनिधि आशीष मिश्रा ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए बैंक के प्रयासों की प्रशंसा की।

पीएम स्वनिधि योजना की भी दी जानकारी

नगर निगम के प्रतिनिधि धनंजय ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना (PM SVANidhi) के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने पात्र आवेदनों को शीघ्र स्वीकृति देने पर जोर दिया और स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में कैनरा बैंक की प्रतिबद्धता की सराहना की।

कार्यक्रम के संवाद सत्र में भोपाल जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रमुखों ने अपना परिचय दिया और बैंक की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को संपर्क विवरण भी उपलब्ध कराए, ताकि जरूरत पड़ने पर बैंकिंग सहायता प्राप्त की जा सके।

शिविर में शामिल महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं और बैंक की योजनाओं तथा सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन कैनरा बैंक की कोलार रोड शाखा के मुख्य प्रबंधक आशीष कुमार पांडे ने किया।

यह शिविर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को बैंकिंग सुविधाओं, सरकारी योजनाओं और उद्यमिता से जोड़ने के साथ उनके आर्थिक सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक पहल के रूप में सामने आया।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।