काझा चौक पर एसएच-65 किनारे 2 माह से जमा पानी सड़ रहा, मलेरिया का खतरा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →भास्कर न्यूज | केनगर काझा चौक पर एसएच-65 के किनारे करीब आधा किलोमीटर हिस्से में पिछले दो महीने से जमा बारिश का पानी अब सड़ने लगा है। पानी में कीड़े पड़ चुके हैं और उससे उठती तीव्र दुर्गंध के बीच दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करने को विवश हैं। हालात ऐसे बन चुके हैं कि दुकानदारों और स्थानीय लोगों को सड़क से लगी दुकानों व घरों तक पहुंचने के लिए ईंटों का सहारा लेना पड़ रहा है।
भारी वाहनों के गुजरने पर सड़क का गंदा पानी उछलकर सीधे दुकानों के अंदर पहुंच जाता है। इससे व्यापारियों का कारोबार चौपट होने के साथ ही डायरिया और मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। दुकानदार मोनू मंडल, अमरदीप कुमार, मनीष कुमार और सतीश कुमार सहित स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान किनारे गहरे गड्ढे खोदे गए थे और नाला निर्माण शुरू किया गया था।
काम पूरा नहीं होने के कारण बारिश का पानी इन गड्ढों में भर गया। दुकानदारों के अनुसार, टेंपो स्टैंड के पास थोड़े से हिस्से में गिट्टी डालकर गड्ढे को समतल कर दिया गया, लेकिन आगे के करीब आधा किलोमीटर हिस्से को अधूरा छोड़ दिया गया। यही लापरवाही अब जलजमाव का मुख्य कारण बन चुकी है। 50 गांवों से खरीदारी के लिए आते हैं लोग, बाजार में पसरा सन्नाटा काझा चौक स्थित हाट बाजार में आसपास के करीब 50 गांवों से बड़ी संख्या में लोग दैनिक खरीदारी के लिए आते हैं।
दोपहर बाद बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ जाती है, लेकिन सड़क किनारे जमा बदबूदार पानी की वजह से ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। स्थानीय लोगों और दुकानदारों का कहना है कि महीनों से इस नरक को झेलने के बावजूद अब तक प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली है। दुकानदारों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तुरंत जलनिकासी कराने और नाले का अधूरा निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।
📡 स्रोत: NewsData.io