देश

कल्चर टैलेंट हंट कार्यक्रम आगामी 02 अक्टूबर से 25 दिसम्बर तक चलाकर युवाओं को पर्यटन से जोड़ा जायेगा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 18 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
कल्चर टैलेंट हंट कार्यक्रम आगामी 02 अक्टूबर से 25 दिसम्बर तक चलाकर युवाओं को पर्यटन से जोड़ा जायेगा

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि कल्चर टैलेंट हंट कार्यक्रम 02 अक्टूबर गॉधी जयंती के अवसर पर शुरू करके स्कूल एवं कालेजों के विद्यार्थियों को नवाचार एवं पर्यटन से जोड़ा जाए। इस प्रक्रिया का समापन भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 अटल विहारी बाजपेयी के जन्मदिन के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन करके किया जाए।

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी विरासत पर गर्व करने एवं ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़ी कहानियॉ एवं अनुभव का अवसर देने का कार्य किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग में निर्माणाधीन कार्यों को आगामी नवम्बर, 2026 तक हरहाल में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार स्तर पर लंबित परियोजनाओं एवं वित्तीय मामलों के निस्तारण के लिए नई दिल्ली में शीघ्र ही संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक की जायेगी।

जयवीर सिंह आज पर्यटन भवन में संस्कृति एवं पर्यटन विभाग तथा उ0प्र0 ब्रजतीर्थ विकास परिषद की उपलब्धियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने संस्कृति भवन के निर्माण हेतु एलडीए एवं जिलाधिकारी लखनऊ से समन्वय कर शहीद पथ के पास लूलू मॉल के पीछे खाली पड़ी भूमि पर संस्कृति एवं पुरातत्व भवन का निर्माण किये जाने का निर्देश दिये।

इसके अलावा भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय के पक्ष में निःशुल्क 45 एकड़ अतिरिक्त भूमि के लिए कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने संस्कृति निदेशालय द्वारा यूपीपीसीएल को आवंटित 21 परियोजना तथा सीएनडीएस को आवंटित 13 परियोजना पर टेण्डर प्रक्रिया पूर्ण होने पर कार्य आरम्भ करने के निर्देश दिये।

जयवीर सिंह ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में निर्माणाधीन रामलीला की चहारदीवारियॉ जहां पूर्ण हो चुकी हैं, उन्हंे रामलीला कमेटियों को हैंडओवर एवं टेकओवर कराने के निर्देश दिये। इसके अलावा उन्होंने 31 मार्च, 2026 तक जिन परियोजनाओं के निर्माण कार्य हेतु धनराशि आवंटित की गयी है, उनका सभी निर्माण कार्य माह नवम्बर तक प्रत्येक दशा में प्रारम्भ करने के सख्त निर्देश दिये।

उन्होंने पर्यटन विभाग की समीक्षा करते हुए पूर्व की बैठकों में लिये गये निर्णयों के सापेक्ष अनुपालन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने साइनेज पर्यटक सुविधा केन्द्र तथा समस्त पोर्टल के सुचारू संचालन हेतु एक सेल बनाने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 575 परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जिनमें शिलालेख और बारकोड व्यवस्थाओं का प्राविधान किया गया है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।