कानपुर में आज रात से ट्रैफिक डायवर्जन:कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर 14 मार्गों पर बदलाव, 8 पार्किंग स्थल बनाए
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →कानपुर में कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों में स्नान और पूजा-अर्चना के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सोमवार (23 नवंबर) की रात 11 बजे से शहर के अलग-अलग मार्गों पर डायवर्जन लागू हो जाएगा। यह व्यवस्था कार्तिक पूर्णिमा स्नान समाप्त होने तक मंगलवार को प्रभावी रहेगी।
इस दौरान बिठूर, गंगा बैराज, अटल घाट, परमठ घाट और सिद्धनाथ घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर खास निगरानी रहेगी। कई मार्गों पर भारी और मध्यम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की है। ऐसे में घाटों पर जाने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करें और डायवर्जन प्लान के अनुसार ही सफर करें।
इन 14 पॉइंट में समझें कहां रहेगा डायवर्जन 1.
बिल्हौर से आने वाले वाहन: बिल्हौर की ओर से आने वाले भारी और मध्यम वाहन नानामऊ तिराहे से बांगरमऊ की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें नानामऊ तिराहे से अरौल होते हुए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के रास्ते गंतव्य तक जाना होगा। 2.
अरौल से आने वाले वाहन: अरौल की ओर से आने वाले भारी और मध्यम वाहन बांगरमऊ की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें नानामऊ तिराहे से यू-टर्न लेकर अरौल और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के रास्ते जाना होगा। 3.
शिवराजपुर से आने वाले वाहन: शिवराजपुर की ओर से आने वाले भारी और मध्यम वाहन बांगरमऊ की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें नानामऊ तिराहे से अरौल होते हुए आगे जाना होगा। 4.
उन्नाव सीमा से आने वाले वाहन: परियर पुल के रास्ते चौबेपुर जाने वाले भारी और मध्यम वाहन बिठूर के शनिदेव चौराहे की ओर नहीं आ सकेंगे। इन्हें गंगा बैराज और मंधना होते हुए जाना होगा। 5.
चौबेपुर से आने वाले वाहन: भारी और मध्यम वाहन शनिदेव चौराहे से बिठूर की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें मंधना और गंगा बैराज के रास्ते भेजा जाएगा। 6.
मंधना चौराहे से आने वाले वाहन: भारी और मध्यम वाहन ब्लूवर्ड तिराहे से चुंगी चौराहा बिठूर की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें यश कोठारी चौराहे से गंगा बैराज होकर जाना होगा। 7.
मंधना और कल्याणपुर से आने वाले वाहन: भारी और मध्यम वाहन यश कोठारी चौराहे से चुंगी चौराहा बिठूर की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें गंगा बैराज की ओर से निकाला जाएगा। 8.
यश कोठारी चौराहे से बिठूर जाने वाले वाहन: यहां से चार पहिया, छह पहिया और अन्य बड़े सवारी वाहन बिठूर की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें ब्लूवर्ड तिराहे से बिठूर की ओर भेजा जाएगा। 9.
गंगा बैराज से अटल घाट जाने वाले वाहन: गंगा बैराज से कोई भी भारी या मध्यम वाहन अटल घाट और कर्बला की ओर नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहन यश कोठारी चौराहे से कल्याणपुर होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। 10.
मैनावती मार्ग और कंपनीबाग से आने वाले वाहन: भारी और मध्यम वाहन कर्बला या गंगा बैराज की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें जीटी रोड से रामादेवी अथवा कल्याणपुर की ओर भेजा जाएगा। 11.
कंपनीबाग से VIP रोड जाने वाले वाहन: कंपनीबाग चौराहे से VIP रोड होते हुए बीमा चौराहा और जाजमऊ तक भारी और मध्यम वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। इन्हें जीटी रोड से रामादेवी और कल्याणपुर की ओर जाना होगा। 12.
बीमा चौराहे से सिद्धनाथ घाट: बीमा चौराहे से सिद्धनाथ घाट की ओर भारी और मध्यम वाहन नहीं जा सकेंगे। 13.
फूलबाग से सरसैया घाट जाने वाले वाहन: फूलबाग चौराहे से आने वाले चार पहिया वाहन मेघदूत तिराहे से दाहिने मुड़कर सरसैया घाट चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें बड़ा चौराहा होकर जाना होगा। 14.
कानपुर से शुक्लागंज जाने वाले वाहन: कानपुर नगर से उन्नाव के शुक्लागंज जाने वाले भारी और हल्के वाहन नए गंगा पुल से नहीं जा सकेंगे। इन्हें झाड़ी बाबा चौराहे से नरौना चौराहा होते हुए जाजमऊ गंगा पुल के रास्ते जाना होगा। श्रद्धालुओं के लिए 8 जगह पार्किंग की व्यवस्था ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग घाटों पर जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
परियर पुल की ओर से आने वाले वाहन: उन्नाव सीमा से आने वाले श्रद्धालु ध्रुव टीला मार्ग पर बाईं ओर अपने वाहन पार्क करेंगे। चौबेपुर से आने वाले वाहन: शनिदेव चौराहे से पहले निर्धारित बस और कार पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे। ब्लूवर्ड तिराहे से बिठूर जाने वाले श्रद्धालु: चुंगी चौराहे से पहले मां पीतांबरा मंदिर के सामने बस पार्किंग में बसें खड़ी होंगी।
कार और बाइक की पार्किंग बैरियर स्थल के बगल में फार्म हाउस के अंदर होगी। परमठ घाट जाने वाले श्रद्धालु: कंपनीबाग और रावतपुर की ओर से आने वाले लोग वक्कल पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे। फूलबाग और पुलिस लाइन की ओर से आने वाले श्रद्धालु: परमठ मंदिर जाने वाले श्रद्धालु यूनियन बैंक तिराहे से पहले ग्रीनपार्क स्टेडियम के किनारे वाहन पार्क करेंगे।
अटल घाट और गंगा बैराज जाने वाले श्रद्धालु: कंपनीबाग और मैनावती मार्ग से आने वाले लोग कर्बला चौराहे से कर्बला मस्जिद वाली सड़क की ओर वाहन पार्क कर सकेंगे। सरसैया घाट जाने वाले श्रद्धालु: फूलबाग और बड़ा चौराहा की ओर से आने वाले लोग सरसैया घाट से चेतना चौराहे के बीच सड़क के दोनों ओर वाहन पार्क कर सकेंगे।
सिद्धनाथ घाट जाने वाले श्रद्धालु: श्रद्धालु घाट से पहले निर्धारित पार्किंग स्थल पर अपने वाहन खड़े करेंगे। परेशानी होने पर इन नंबरों पर करें फोन ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे डायवर्जन का पालन करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। किसी भी तरह की असुविधा होने पर इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 9305104340 ग्रीन कॉरिडोर सेल: 9454402413 ट्रैफिक हेल्पलाइन: 9305104387 एम्बुलेंस को रास्ता देना अनिवार्य: ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर एम्बुलेंस दिखाई देने पर उसे तुरंत रास्ता दें। श्रद्धालु और वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, ताकि किसी को परेशानी न हो और आपातकालीन सेवाएं बिना रुकावट अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
📡 स्रोत: NewsData.io