व्यापार

करवाचौथ से पहले सोलन के बाजारों में रौनक, खरीदारी को उमड़ी महिलाएं

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
करवाचौथ से पहले सोलन के बाजारों में रौनक, खरीदारी को उमड़ी महिलाएं

अक्तूबर 28, सोलन (हिमाचल प्रदेश): करवाचौथ पर्व को लेकर सोलन के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। आज बड़ी संख्या में महिलाएं बाजारों में खरीदारी करने पहुंचीं। सुहागिनों में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महिलाएं करवा चौथ के लिए जरूरी सामान, चूड़ियां, श्रृंगार सामग्री और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटी रहीं।

वहीं, पर्व से पहले महिलाओं ने मेहंदी भी लगवाई। बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के मद्देनजर सोलन मॉल रोड़ पर दोपहर बाद वाहनों की आवाजाही बंद रखी गई, ताकि महिलाएं आराम से खरीदारी कर सकें और बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। बाजार में खरीदारी करने पहुंचीं महिलाओं ने बताया कि उन्हें करवा चौथ के व्रत का पूरे साल बेसब्री से इंतजार रहता है।

इस पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह रहता है। उन्होंने कहा कि वे अपने पति की सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना के लिए करवाचौथ का व्रत रखेंगी। महिलाओं ने बताया कि पर्व से एक दिन पहले ही तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कोई मेहंदी लगवा रही है तो कोई व्रत के लिए जरूरी सामान खरीदने में व्यस्त है।

महिलाओं के अनुसार करवा चौथ उनके लिए केवल व्रत नहीं, बल्कि पति-पत्नी के प्रेम, विश्वास और रिश्ते को समर्पित एक खास पर्व है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।