कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग, अजाक्स ने कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। मध्यप्रदेश अजाक्स के भोपाल संभाग अध्यक्ष बंशीलाल धनवाल ने मंत्रालय में मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र शर्मा से सौजन्य मुलाकात कर राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग की। इस दौरान उन्होंने संगठन की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। रमेश चंद्र शर्मा ने समस्याओं के निराकरण के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
बंशीलाल धनवाल ने कहा कि प्रदेश के शिक्षक और अन्य कर्मचारी लंबे समय से कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों की टीईटी परीक्षा से जुड़ी चिंताओं, सहायक शिक्षकों को 40 से 42 वर्ष की सेवा के बाद भी पदोन्नति नहीं मिलने और 1 जनवरी 2008 के बाद अर्जित अवकाश के नगदीकरण का भुगतान लंबित रहने जैसे मुद्दे उठाए।
ज्ञापन में केंद्रीकृत अधिकारों के विकेंद्रीकरण, शिक्षक ऐप पर कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों को विशेष अवकाश की सुविधा देने तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामलों के निराकरण की मांग भी शामिल रही।
अजाक्स ने अधिकारी-कर्मचारियों को शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार समयमान वेतनमान और क्रमोन्नति वेतनमान का लाभ समय पर देने की मांग की। इसके अलावा हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्यों को सहायक संचालक के पद पर पदोन्नति देने सहित अन्य लंबित सेवा संबंधी मामलों पर भी ध्यान आकर्षित कराया गया।
बंशीलाल धनवाल ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान से प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों को राहत मिलेगी। उन्होंने कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष से मांगों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित मामलों के निराकरण की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।
रमेश चंद्र शर्मा ने संगठन को आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।