करोट के किसान श्यामलाल ठाकुर ने उगाई लाल मक्की, अच्छी पैदावार और बीज की बढ़ती मांग से जगी उम्मीदें
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
बिलासपुर : जिला बिलासपुर के करोट गांव के प्रगतिशील किसान श्यामलाल ठाकुर ने लाल मक्की की खेती कर एक नई पहल की है। वह पिछले तीन-चार वर्षों से लाल मक्की उगा रहे हैं और उन्हें इसकी अच्छी पैदावार मिल रही है। खास बात यह है कि अब लोग उनके पास लाल मक्की का आटा और बीज लेने के लिए भी पहुंच रहे हैं, जिससे इस फसल के प्रति किसानों और लोगों की रुचि बढ़ रही है।
श्यामलाल ठाकुर ने बताया कि उन्होंने करीब तीन-चार साल पहले लाल मक्की की खेती शुरू की थी। धीरे-धीरे लोगों को इस मक्की के बारे में जानकारी मिली और अब कई लोग इसका बीज लेकर अपने खेतों में लगाने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि कुछ लोग लाल मक्की का आटा पिसवाकर अपने घर ले जाते हैं, जबकि कई लोग इसका बीज भी खरीदते हैं। उन्होंने कहा
मक्की की पैदावार अच्छी होती है। इसे भूनकर खाने के साथ-साथ इसका आटा भी बनाया जाता है, जो स्वादिष्ट होता है। उन्होंने बताया कि उन्होंने मक्की की दूसरी किस्म भी लगाई है और उसके भी अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं।
श्यामलाल ठाकुर का कहना है कि अभी क्षेत्र के बहुत से किसानों को लाल मक्की की खेती के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं है। यदि किसानों को इस किस्म के बारे में जागरूक किया जाए और वे इसके बीज को अपनाएं, तो खेती में नए विकल्प सामने आ सकते हैं।
श्यामलाल ठाकुर ने अन्य किसानों से भी लाल मक्की की खेती के बारे में जानकारी लेने और थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बीज लगाकर प्रयोग करने की अपील की। उनका मानना है कि नई किस्मों की खेती से किसानों को पारंपरिक खेती के साथ नए अवसर तलाशने में मदद मिल सकती है।उन्होंने बताया कि लाल मक्की के बीज की मांग भी आ रही है और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में इसकी खेती को लेकर लोगों की दिलचस्पी और बढ़ेगी।