कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वयंसेवक, शिक्षकों व छात्रों की सराहनीय भूमिका रही
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →मेरा युवा भारत के तत्वावधान में, युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय भारत सरकार की ओर से मंगलवार को प्लस टू वाटसन उच्च विद्यालय के परिसर में अंतर्राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस अत्यंत सफलतापूर्वक मनाया गया। इस विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य सतीश कुमार ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ.
साकेत कुमार महासेठ, विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी सुबोध चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी सम्मानित अतिथियों का सत्कार मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग-गमछा व सुख-समृद्धि के प्रतीक तुलसी का पौधा भेंट कर किया गया। कार्यक्रम में नमामि गंगे के अधिकारी सह जिला गंगा समिति के डीपीओ आनंद अंकित मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं का मार्गदर्शन किया। आनंद अंकित ने पर्यावरण संरक्षण, नदियों की स्वच्छता व प्राकृतिक आपदाओं के आपसी संबंध को रेखांकित करते हुए युवाओं को पर्यावरण के प्रति सजग रहने व आपदा प्रबंधन में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर छात्रों के बीच एक शानदार भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने आपदा जोखिम को कम करने के उपायों पर अपने विचार रखे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन विजेताओं को मेडल व मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही, निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करने वाले 10 आपदा मित्रों स्वयंसेवकों को भी उनकी सराहनीय भूमिका के लिए मोमेंटो, मेडल व कलम देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण व मॉक ड्रिल करके दिखाया गया।
इसमें अचानक भूकंप आने की स्थिति में झुको, ढको व पकड़ो के नियम को समझाया गया। अचानक दिल का दौरा पड़ने या बेहोश होने की स्थिति में किसी की जान बचाने के लिए सही तरीके से सीपीआर देने की विधि सिखाई गई। सड़क पर दुर्घटना होने या किसी के घायल होकर गिरने पर बिना घबराए उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने व प्राथमिक उपचार देने के गुर सिखाए गए।
रसोई घर में गैस सिलेंडर में अचानक आग लग जाने पर सूझबूझ के साथ आग पर काबू पाने का लाइव डिमॉन्स्ट्रेशन दिया गया। बाढ़ आने की स्थिति में तात्कालिक प्रबंधन व अपनी व दूसरों की सुरक्षा करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन युवा स्वयंसेवक श्रवण प्रधान ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वयंसेवक बंधु गणों सक्सेना कुमार सिंह, रंजीत कुमार राम, शाहिद कुमार, सचिन कुमार, और कन्हैया कुमार सहित विद्यालय के शिक्षकों व छात्रों की सराहनीय व सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम का भव्य व गरिमापूर्ण समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ किया गया।
📡 स्रोत: NewsData.io