व्यापार

काशी के 45 उद्यमी यूपीआईटीएस में दिखाएंगे बनारस की पहचान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
काशी के 45 उद्यमी यूपीआईटीएस में दिखाएंगे बनारस की पहचान

वाराणसी में काशी के पारंपरिक हस्तशिल्प और आधुनिक उत्पादों को देश-विदेश के बाजार तक पहुंचाने के लिए वाराणसी के 45 उद्यमी यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) में हिस्सा लेंगे। यह ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होगा।ट्रेड शो में बनारसी सिल्क साड़ी, लकड़ी के खिलौने, गुलाबी मीनाकारी, सॉफ्ट स्टोन जाली वर्क समेत काशी के कई पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।

इसके साथ ही आधुनिक जरूरतों के अनुसार तैयार किए गए उत्पाद भी खरीदारों के सामने रखे जाएंगे।वाराणसी से 45 उद्यमियों ने ट्रेड शो के लिए पंजीकरण कराया है। इनमें ओडीओपी, एमएसएमई, जीआई उत्पाद, नए और पुराने निर्यातक, ओडीओसी और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से जुड़े उद्यमी शामिल हैं।खास बात यह है कि ट्रेड शो में काशी के प्रसिद्ध खानपान की भी झलक देखने को मिलेगी।

यहां लौंगलता, तिरंगा बर्फी और बनारसी पान जैसे स्थानीय व्यंजन भी उपलब्ध होंगे।आयोजकों के अनुसार, यूपीआईटीएस के जरिए काशी के कारीगरों और उद्यमियों को बड़े बाजार और विदेशी खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उद्यमियों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से बनारस के पारंपरिक उत्पादों को नए ग्राहक और बाजार मिल सकते हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।