काशी में देव दीपावली पर गंगा पार आसमान में सजेगी आतिशबाजी और लेजर की सतरंगी छटा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
काशी की उत्तरवाहिनी मां गंगा के दोनों तट इस बार देव दीपावली पर अद्भुत रोशनी से जगमगाएंगे। एक ओर अर्धचंद्राकार घाट दीपों की माला पहनकर अलौकिक छटा बिखेरेंगे, तो दूसरी ओर गंगा पार रेती पर आसमान सतरंगी रोशनी से सराबोर होगा। यहां पर्यटकों को ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो, लेजर शो और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। भगवान शिव के भजनों की धुन पर होने वाली ग्रीन आतिशबाजी और आसमान में आकर्षक रंग-बिरंगे दृश्य देव दीपावली के उत्सव को और भव्य बनाएंगे।
शिव भजनों की धुन पर आसमान में बिखरेगी ग्रीन आतिशबाजी की सतरंगी छटा
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि गंगा पार रेती पर ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो की तैयारियां चल रही हैं। करीब 10 मिनट तक चलने वाले इस शो में भगवान शिव से जुड़े "हर-हर महादेव शंभू ,डमरू बजाया भोलेनाथ ने ,शिव तांडव स्तोत्रम्,मेरा भोला है भंडारी, और महाकाल" जैसे भजनों के नौ से दस ट्रैक पर आतिशबाजी का आयोजन होगा। इस दौरान आसमान में कई आकर्षक आकार और रंग-बिरंगे पैटर्न दिखाई देंगे।
श्री काशी विश्वनाथ धाम के सामने 10 मिनट तक दिखेगा ग्रीन आतिशबाजी का नजारा
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि 24 नवंबर को वाराणसी में आयोजित होने वाली देव दीपावली के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने गंगा पार रेती पर रात 8:30 से 8:40 बजे तक 10 मिनट के ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो का आयोजन प्रस्तावित है। लेज़र शो में संगीत, लेजर और ग्रीन आतिशबाजी का समन्वय देखने को मिलेगा। योगी सरकार देव दीपावली को दिव्य और भव्य बनाने के लिए घाटों पर 11 लाख दीप जलाने के साथ इस तरह के विशेष आकर्षण भी तैयार की है।