अपराध

कटनी- कलेक्टर ने स्लीमनाबाद स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का किया निरीक्षण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
कटनी- कलेक्टर ने स्लीमनाबाद स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी ने गुरूवार को स्लीमनाबाद स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद पांडे और डीपीसी प्रेमनारायण तिवारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने छात्रावास में बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रावास में अध्ययनरत बालिकाओं को शैक्षणिक वातावरण के साथ आवश्यक सभी सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि छात्रावास की लाइब्रेरी में बालिकाओं के लिए पर्याप्त संख्या में आधुनिक एवं उपयोगी पुस्तकें तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने पुस्तकों के रखरखाव एवं व्यवस्थित संधारण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि बालिकाएं सुविधाजनक तरीके से पुस्तकों का उपयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि बालिकाओं के अध्ययन में उपयोगी साबित हो।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास में बालिकाओं के ठहरने की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि छात्रावास में सभी बालिकाओं के लिए पर्याप्त संख्या में बेड एवं सोने के लिए बिस्तरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं को किसी भी आवश्यक सुविधा के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्‍होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा बालिकाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

🎙️ जनता का संदेश का मत

कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का निरीक्षण दर्शाता है कि शिक्षा और सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता है। जब भी किसी संस्था में सुविधाओं की कमी या अनुचित व्यवहार के मामले सामने आते हैं, तो हमें तुरंत रिपोर्ट करके सुधार की मांग करनी चाहिए। समाज के हर सदस्य को यह याद रखना चाहिए कि शिक्षा का अधिकार हर लड़की का मूलभूत अधिकार है, और हमें मिलकर उसकी रक्षा करनी चाहिए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।