कटिहार में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 6 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
26 तारीख तक चलेगा अभियान, 16 प्रखंडों और नगर क्षेत्र में 2 हजार से अधिक टीमें तैनात। डीएम ने अपनी दोनों बेटियों को पोलियो की खुराक पिलाकर लोगों को किया जागरूक।
22 नवंबर, कटिहार (कटिहार, बिहार) : कटिहार जिले में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। सदर अस्पताल परिसर में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान आगामी 26 तारीख तक जिलेभर में चलाया जाएगा।
इस अभियान के तहत जिले में कुल 6 लाख 54 हजार 836 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, 6 लाख 97 हजार 145 घरों तक पहुंचने की योजना बनाई गई है। अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के 16 प्रखंडों सहित नगर क्षेत्र में 2 हजार से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें तैनात की गई हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जिले के एक-एक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन शाम को सभी टीमों के कार्यों की समीक्षा और अगले दिन की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पोलियो से बचाव के लिए प्रत्येक बच्चे को खुराक पिलाना बेहद जरूरी है। एक भी बच्चा छूटने पर पोलियो का खतरा बना रह सकता है। इसलिए अभिभावक अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।
वहीं, जिले के कुछ दूरस्थ इलाकों में पोलियो की खुराक को लेकर फैली भ्रांतियों और आशंकाओं पर जिलाधिकारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पोलियो की खुराक पूरी तरह सुरक्षित है और बच्चों को गंभीर बीमारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
लोगों के मन से भ्रम और संदेह दूर करने के लिए जिलाधिकारी ने खुद भी मिसाल पेश की। उन्होंने सदर अस्पताल में अपनी दोनों बेटियों को पोलियो की खुराक पिलाई और अभिभावकों को इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि अभियान के दौरान जब स्वास्थ्य विभाग की टीमें उनके घर पहुंचें, तो अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं।
इस मौके पर डीडीसी डॉ. नेहा कुमारी, विशेष प्रशासनिक पदाधिकारी अभिषेक रंजन, सिविल सर्जन सह जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. सौरेन्द्रजीत सरकार सहित कई वरीय अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।