केडीए की जमीन को अपनी बताकर महिला को बेचा प्लॉट:पनकी मे मकान बनवाने के बाद पता चला असली मालिक का, पुलिस ने केस दर्ज किया
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →कानपुर के पनकी के गंगागंज इलाके में केडीए की जमीन को अपनी बताकर महिला को बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर 50 वर्गगज जमीन का 3.90 लाख रुपये में बैनामा करा दिया। महिला ने जमीन पर करीब चार लाख रुपए खर्च कर मकान भी बनवा लिया। बाद में केडीए की कार्रवाई के दौरान उसे पता चला कि जिस जमीन को उसने खरीदा था, वह केडीए की है।
केडीए कर्मचारियों ने 19 अगस्त को निर्माण को अपनी भूमि पर बना बताते हुए मकान ध्वस्त कर दिया। इसके बाद महिला ने आरोपी से रुपए और जमीन के संबंध में जानकारी मांगी। आरोप है कि गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विस्तार से पूरा मामला जानिए… शास्त्री नगर के हंस नगर निवासी कविता के मुताबिक, उन्होंने 15 दिसंबर 2023 को पनकी के गंगागंज निवासी रमन से आराजी संख्या 299 में 50 वर्गगज का प्लॉट खरीदा था।
महिला का आरोप है कि रमन ने उक्त जमीन को अपनी संपत्ति बताते हुए उससे 3.90 लाख रुपए लिए और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन का बैनामा करा दिया। जमीन खरीदने के बाद कविता ने उस पर मकान का निर्माण शुरू कराया और करीब चार लाख रुपये खर्च कर मकान तैयार कराया। केडीए की कार्रवाई में टूटा मकान, तब सामने आया मामला कविता के अनुसार, मकान बनने के बाद वह उसमें रह रही थीं।
19 अगस्त 2026 को केडीए की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण को प्राधिकरण की जमीन पर बना बताते हुए मकान ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद महिला को पता चला कि जिस जमीन को उसने रमन से खरीदा था, वह केडीए की भूमि है। इसके बाद उसने जमीन बेचने वाले से संपर्क कर मामले की जानकारी मांगी। जवाब मांगने पहुंची तो गालीगलौज और धमकी का आरोप महिला का आरोप है कि 21 अगस्त को वह रमन के पास पहुंचीं और जमीन के दस्तावेज व रकम के संबंध में जानकारी मांगी।
इस पर आरोपी ने उनके साथ गालीगलौज की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कविता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कूटरचित दस्तावेजों की जांच में जुटी पुलिस एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
बैनामे में लगाए गए दस्तावेजों की सत्यता, जमीन के स्वामित्व और आरोपी द्वारा कथित तौर पर तैयार कराए गए कागजात की भी जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
📡 स्रोत: NewsData.io