केंद्र ने खरीफ विपणन सत्र 2026-27 में एमएसपी पर खरीद के लिए 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
केंद्र सरकार ने खरीफ विपणन सत्र 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश, कर्नाटका और तेलंगाना में प्रमुख दलहन और तिलहन की न्यूनतम समर्थन मूल्य-एमएसपी पर खरीद के लिए 5 हजार 547 करोड़ 99 लाख रुपये की मंजूरी दी है। यह खरीद मूल्य समर्थन योजना के तहत की जाएगी।
कृषि मंत्रालय ने कहा है कि इस फैसले का उद्देश्य बाजार भाव में गिरावट से किसानों को बचाना और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना है। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार किसानों के कल्याण, उनकी आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 3 हजार 992 करोड़ 57 लाख रुपये की खरीद को मंजूरी दी गई है। इसमें 3 हजार 937 करोड़ 70 लाख रुपये मूल्य की 4 लाख 66 हजार मीट्रिक टन अरहर और 54 करोड़ 87 लाख रुपये मूल्य की 6 हजार 250 मीट्रिक टन मूंग शामिल है।
कर्नाटका में एक हजार 107 करोड़ रुपये की खरीद होगी। इसमें 659 करोड़ 27 लाख रुपये मूल्य का एक लाख 15 हजार 500 मीट्रिक टन सोयाबीन, 335 करोड़ 83 लाख रुपये मूल्य की 38 हजार 250 मीट्रिक टन मूंग और 111 करोड़ 90 लाख रुपये मूल्य का 13 हजार 413 मीट्रिक टन सूरजमुखी शामिल है।
तेलंगाना में 448 करोड़ 42 लाख रुपये की खरीद को मंजूरी दी गई है। इसमें 353 करोड़ 90 लाख रुपये मूल्य का 62 हजार मीट्रिक टन सोयाबीन और 94 करोड़ 52 लाख रुपये मूल्य की 10 हजार 766 मीट्रिक टन मूंग शामिल है।
श्री चौहान ने कहा कि इस कदम से किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और दलहन तथा तिलहन का उत्पादन बढ़ाने को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे दलहन और खाद्य तेलों के क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी। किसानों को उनकी उपज का भुगतान सीधे बैंक खातों में समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।