केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कल छह नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे के मद्देनजर देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
05 नवम्बर 2026, देहरादून: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कल छह नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे के मद्देनजर देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। श्री शाह परेड ग्राउंड में भाजपा की पदयात्रा और जनसभा में शामिल होंगे। इसके अलावा पुलिस लाइन में आयोजित अलंकरण परेड में भी शिरकत करेंगे।
इस संबंध में सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन में वरिष्ठ अधिकारियों ने ब्रीफ किया। उन्हें निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचने, सतर्कता बरतने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश से पहले सभी लोगों और वाहनों की जांच की जाएगी।
वीवीआईपी मार्ग, आसपास की ऊंची इमारतों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड से भी जांच कराई जाएगी। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल और आसपास ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। सभी थाना प्रभारियों को होटल, धर्मशालाओं, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षित निकासी के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।