अपराध

केंद्रीय जेल रायपुर के 70 बंदियों को मिला कौशल प्रशिक्षण का प्रमाण-पत्र

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 22 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
केंद्रीय जेल रायपुर के 70 बंदियों को मिला कौशल प्रशिक्षण का प्रमाण-पत्र

रायपुर, 22 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों के सुधार, पुनर्वास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में संचालित ‘निश्चय कार्यक्रम’ के अंतर्गत शिक्षा और कौशल विकास को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय जेल रायपुर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में कंप्यूटर शिक्षा एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले 70 बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। यह पहल बंदियों को रिहाई के बाद सम्मानजनक आजीविका के अवसरों से जोड़ने और समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 40 पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ तथा 30 महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ के अंतर्गत ब्यूटी पार्लर संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने प्रशिक्षण प्राप्त बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जेलों में बंदियों को शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सुधारात्मक प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ‘निश्चय कार्यक्रम’ इसी उद्देश्य को साकार करने की दिशा में सार्थक पहल है।

उल्लेखनीय है कि ‘निश्चय कार्यक्रम’ के माध्यम से बंदियों को शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़कर उनके व्यक्तित्व विकास, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव और पुनर्वास के प्रयासों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस प्रकार के प्रशिक्षण से बंदियों को जेल में बिताए जा रहे समय का रचनात्मक उपयोग करने के साथ रिहाई के बाद आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

केंद्रीय जेल रायपुर में 70 बंदियों को कंप्यूटर और ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण के प्रमाणपत्र दिए गए, जो ‘निश्चय कार्यक्रम’ के अंतर्गत चल रही शिक्षा एवं कौशल विकास पहल का हिस्सा है। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की जेलों में सुधार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इस खबर का महत्व इसलिए है क्योंकि यह दिखाता है कि कैदियों को रिहाई के बाद समाज में पुनः समाहित होने के लिए व्यावहारिक कौशल सिखाया जा रहा है। इससे आम जनता में यह विश्वास बढ़ेगा कि जेल प्रणाली भी समाज के लिए सका

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।