केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह आज डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान के 5वें संस्करण की करेंगे शुरुआत
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायपुर, 6 नवंबर 2026
केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह आज नई दिल्ली में राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान के पांचवें संस्करण की शुरुआत करेंगे। पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग की ओर से आयोजित एक महीने का अभियान इस महीने की 30 तारीख तक देशभर में चलाया जाएगा।
मंत्रालय के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य डिजिटल तकनीक के माध्यम से पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को आसान और सुविधाजनक बनाना है। इसके तहत जीवन प्रमाण ऐप के जरिए चेहरे की पहचान कर जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की सुविधा पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
यह अभियान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, यू.आई.डी.ए.आई., पेंशनभोगी कल्याण संघों और विभिन्न मंत्रालयों तथा विभागों के सहयोग से चलाया जा रहा है।
मंत्रालय ने बताया कि अभियान में 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनभोगियों, महिला पेंशनभोगियों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे लोगों को विशेष सुविधा दी जाएगी। उम्र या अस्वस्थता के कारण अभियान स्थलों तक नहीं पहुंच पाने वाले पेंशनभोगियों के लिए घर पर ही जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।