केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने दो वर्ष पूरे होने पर आयुष्मान वय वंदना योजना की उपलब्धियों को रेखांकित किया
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आयुष्मान वय वंदना योजना के दो वर्ष पूरे होने पर इसकी उपलब्धियों को रेखांकित किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अक्टूबर 2024 में इस योजना की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य सामाजिक-आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ देना है।
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री नड्डा ने कहा कि योजना के अंतर्गत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को हर वर्ष पांच लाख रुपये तक के मुफ्त अस्पताल उपचार की सुविधा दी जाती है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में एक करोड़ 38 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं।
श्री नड्डा ने कहा कि योजना के अंतर्गत पांच हजार 668 करोड़ रुपये से अधिक के अस्पताल उपचार को मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं और उन्हें इलाज के खर्च से आर्थिक सुरक्षा मिली है। श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक जीवन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है।