राजनीति

खाद की कमी नहीं, किसानों को पर्याप्त खाद: हीरालाल नागर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 7 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
खाद की कमी नहीं, किसानों को पर्याप्त खाद: हीरालाल नागर

राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है और किसानों को जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जा रही है। विकसित भारत संकल्प एवं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में नागर ने SIR और कांग्रेस के विरोध को लेकर भी प्रतिक्रिया दी।

टोंक, 7 अक्टूबर। विकसित भारत संकल्प एवं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम का आयोजन अग्रवाल धर्मशाला में किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया, जिसे कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने देखा और सुना।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने मुख्य चुनाव आयुक्त और SIR के मुद्दे को लेकर कांग्रेस की ओर से किए जा रहे विरोध मार्च पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष ऐसे मुद्दों को जनता के सामने रखने का प्रयास कर रहा है, जिन पर वह खुद सवाल उठाता है। नागर ने कहा कि जनता इन बातों पर विश्वास नहीं करती और कांग्रेस को इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर काम करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। नागर ने कहा कि लोकतंत्र में उनका और सरकार का विश्वास अटूट है और यह विश्वास कभी डगमगा नहीं सकता।

वहीं, किसानों की मांगों को लेकर नरेश मीणा के आमरण अनशन और जयपुर कूच के सवाल पर मंत्री हीरालाल नागर ने इसे राजनीतिक मुद्दा बताया।

खाद की उपलब्धता को लेकर मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को समय पर आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध हो और खाद वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहे। उन्होंने किसानों से भी व्यवस्था में सहयोग करने की बात कही।

बाइट - हीरालाल नागर,ऊर्जा मंत्री,राजस्थान सरकार

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।