व्यापार

खाद वितरण केंद्र का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण,

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 10 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
खाद वितरण केंद्र का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण,

महोबा जिले में किसानों को सुचारु रूप से खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी प्रभास कुमार और एसपी शशांक सिंह ने खाद वितरण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने खाद की उपलब्धता, स्टॉक की स्थिति, वितरण प्रक्रिया और खाद लेने पहुंचे किसानों को हो रही सुविधाओं एवं समस्याओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों और केंद्र संचालकों को निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित नियमों के अनुसार खाद का वितरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान करने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खाद के स्टॉक का सही विवरण रखने और वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। वहीं एसपी ने खाद वितरण केंद्र पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि खाद वितरण के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखते हुए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे शांतिपूर्ण ढंग से खाद प्राप्त कर सकें। इसके अलावा खाद की काला बाजारी अवैध भंडारण और नियमों के विपरीत बिक्री जैसी गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने अधिकारियों को खाद वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने और कृषि कार्यों में बाधा न आने देने के लिए व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।