खगड़िया में अपराधियों का तांडव, पिता-पुत्र को मारी गोली
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
खगड़िया के एसडीओ रोड पर दुकान बंद कर घर लौट रहे प्लाई कारोबारी पिता-पुत्र को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी। दोनों को बेगूसराय रेफर किया गया।
04 नवंबर , खगड़िया (खगड़िया , बिहार) : खगड़िया में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए प्लाई कारोबारी पिता और पुत्र को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना नगर थाना क्षेत्र के एसडीओ रोड की है। गोली लगने से घायल दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को बेगूसराय रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, प्लाई कारोबारी पिता और पुत्र अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा भी सदर अस्पताल पहुंचे और घायल पिता-पुत्र से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। फिलहाल, गोलीबारी के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।