खजुराहो में 17 सितंबर को जलेंगे एक लाख दीये, छतरपुर में तीन लाख दीपों से होगा ‘सेवा संकल्प’ का शुभारंभ
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर को खजुराहो के पश्चिमी मंदिर समूह परिसर में एक लाख दीये जलाए जाएंगे। वहीं छतरपुर जिले के सभी ब्लॉकों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से कुल तीन लाख दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी है। केन-बेतवा लिंक परियोजना के डैम और नहर निर्माण स्थलों पर भी बड़ी संख्या में दीप जलाकर ‘सेवा का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। परियोजना से प्रभावित गांवों में कलश यात्राएं निकालकर ग्रामीणों को सिंचाई, बिजली सहित परियोजना से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी जाएगी।
‘सेवा मेरा योगदान’ में होंगी 25 गतिविधियां
अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत विभिन्न ब्लॉकों में 25 गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सेवा शिविरों में लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। ‘विकसित भारत’ की थीम पर रंगोली निर्माण और स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वामित्व योजना में ई-केवायसी पर जोर
स्वामित्व अधिकार अभिलेख अभियान की समीक्षा के दौरान संभाग आयुक्त ने सभी पात्र भू-स्वामियों की लंबित ई-केवायसी प्राथमिकता से पूरी कराने के निर्देश दिए। इससे अभियान के दौरान रजिस्ट्री का काम सुचारू रूप से किया जा सकेगा। अधिकारियों को स्पष्ट किया गया कि आबादी भूमि के पात्र पट्टाधारकों की ही रजिस्ट्री की जानी है। पात्र भू-स्वामियों को निःशुल्क रजिस्ट्री की सुविधा मिलेगी। जिन अभिलेखों में भूमि स्वामी के नाम के साथ ‘शासकीय’ शब्द दर्ज है, उनमें आवश्यक सुधार और शासकीय शब्द हटाने के बाद ही ई-केवायसी और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अवैध शराब के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान
संभाग आयुक्त दिलीप कुमार ने सभी जिलों में आबकारी विभाग की टीम को अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अभियान में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।