अपराध

खंडवा- 13 अक्टूबर को अभिनेता रघुवीर यादव को मिलेगा राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 11 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
खंडवा- 13 अक्टूबर को अभिनेता रघुवीर यादव को मिलेगा राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान

मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन खंडवा के सहयोग से पुलिस ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में वर्ष 2026 का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान सुविख्यात अभिनेता रघुवीर यादव को अभिनय के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम के पहले दिन 12 अक्टूबर को शाम 7 बजे से ‘ये शाम मस्तानी’ गीत-संगीत संध्या आयोजित होगी। इसमें स्थानीय युवा गायक कलाकार सुनील शर्मा, संध्या ग्रेवाल, अंकुश पटेल, रजत लाड़, रोशनी पहलवान और पूजा पुरा अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप जैन करेंगे।

समारोह के दूसरे दिन 13 अक्टूबर को शाम 7 बजे से राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्या होगी। इस अवसर पर अभिनेता रघुवीर यादव को सम्मानित किया जाएगा। अलंकरण समारोह के बाद सुप्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले एवं उनके साथी कलाकार अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। दोनों दिन कार्यक्रम में प्रवेश निरूशुल्क रहेगा।

राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान वर्ष 1997 से प्रदान किया जा रहा है। यह सम्मान सिनेमा के क्षेत्र में निर्देशन, अभिनय, पटकथा और गीत लेखन में उत्कृष्ट योगदान, दीर्घ साधना एवं श्रेष्ठ उपलब्धियों के लिए दिया जाता है। सम्मान के अंतर्गत पांच लाख रुपये की करमुक्त राशि और प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाती है।

अभिनेता रघुवीर यादव भारतीय रंगमंच और सिनेमा के बहुमुखी कलाकार हैं। उन्होंने ‘मैसी साहब’, ‘सलाम बॉम्बे!’, ‘बैंडिट क्वीन’, ‘दिल से’, ‘लगान’ और ‘पीपली लाइव’ जैसी फिल्मों में अपने सशक्त अभिनय से विशेष पहचान बनाई है। लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ में प्रधान जी के किरदार ने उन्हें नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच भी खास लोकप्रियता दिलाई है।

खंडवा में आयोजित यह दो दिवसीय समारोह किशोर कुमार की अमर संगीत विरासत को याद करने और कला-संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।