अपराध

खरगोन में भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की दर्दनाक मौत

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 20 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
खरगोन में भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की दर्दनाक मौत

खरगोन में भीषण सड़क हादसा, मां-बेटे की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

26 जनवरी को होनी थी बेटे की शादी, हादसे में मां-बेटे की दर्दनाक मौत

खरगोन जिले के महेश्वर थाना क्षेत्र में धामनोद- बड़वाह मार्ग पर ग्राम खराड़ी के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्राले और कार के बीच आमने- सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। भीषण सड़क हादसे में कार सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में फंसे युवक को बाहर निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी की मदद लेनी पड़ी।

महेश्वर थाना प्रभारी जगदीश गोयल के अनुसार, हादसा ग्राम खराड़ी स्थित सनातन होटल के सामने हुआ। कार में सवार 45 वर्षीय स्वाती पाटीदार और उनके 25 वर्षीय बेटे मोनेश पाटीदार निवासी करौंदिया की हादसे में मौत हो गई। मां-बेटे धामनोद से अपने घर करौंदिया लौट रहे थे। सूचना मिलते ही महेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

थाना प्रभारी गोयल ने बताया कि मृतक मोनेश MBA कर चुका था और आगामी 26 जनवरी को मंडलेश्वर में उसकी शादी होने वाली थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। दुर्घटना के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्राले को जब्त कर लिया है और मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

फरार चालक की तलाश की जा रही है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।