खरगोन में गौवंश के अवैध परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, दो वाहनों से 8 गौवंश मुक्त; तीन आरोपी गिरफ्तार
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
खरगोन। जिले में गौवंश के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खलटाका चौकी पुलिस ने दो सुपर कैरी टेम्पो से क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 8 गौवंश को मुक्त कराया है। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त वाहनों की कीमत करीब 6 लाख रुपये और गौवंश की अनुमानित कीमत 1.60 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो सुपर कैरी टेम्पो में गौवंश को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मगरखेड़ी चौराहे पर नाकाबंदी की। इस दौरान खलघाट की ओर से आ रहे दोनों संदिग्ध वाहनों को घेराबंदी कर रोका गया।
जांच के दौरान वाहन क्रमांक MP46ZE2568 में पांच और MP46ZG4890 में तीन गौवंश क्रूरतापूर्वक भरे मिले। पुलिस ने चालकों से परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर गौवंश को मुक्त कराया गया।
मामले में पुलिस ने शोभाराम चौहान निवासी देवझिरी, मोनू उर्फ रविंद्र शिंदे और विक्की शिंदे निवासी सुदामा कॉलोनी, सेंधवा को गिरफ्तार किया है। तीनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं आपराधिक प्रकरण
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पहले भी विभिन्न थानों में प्रकरण दर्ज हैं। शोभाराम चौहान के खिलाफ गोवंश के अवैध परिवहन और जुआ अधिनियम से जुड़े मामले दर्ज हैं। मोनू उर्फ रविंद्र शिंदे के विरुद्ध भी गोवंश परिवहन से संबंधित प्रकरण दर्ज हैं, जबकि विक्की शिंदे के खिलाफ मारपीट, विवाद और सड़क दुर्घटना से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस टीम की रही भूमिका
यह कार्रवाई एसडीओपी श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलकवाड़ा निरीक्षक सागर चौहान और खलटाका चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मिथुन चौहान के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक मोहन मुजालदे, अखिलेश भूरिया सहित आरक्षक जितेंद्र सिंह बघेल, महेंद्र ठाकुर, राकेश चौहान, साहिल सेन, तिलक खरते और सैनिक गुलसिंह का विशेष योगदान रहा।