राज्य

किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

जीरो रोड पर किसानों ने जताया आक्रोश, SBS सेकंड ग्रुप में पानी छोड़ा; अन्य नहरों में पानी की मांग पर अड़े किसान

जैसलमेर,22 सितंबर। इंदिरा गांधी नहर परियोजना के अंतिम छोर स्थित जीरो रोड क्षेत्र में सिंचाई पानी की किल्लत से परेशान किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। फसलों के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने से किसानों में नाराजगी है। किसानों का कहना है कि सिंचाई पानी की समस्या को लेकर वे लंबे समय से विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन देकर समाधान की मांग कर रहे थे, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।

धरने की सूचना पर नहर विभाग के अधिकारी किसानों से वार्ता करने पहुंचे। इस दौरान एसई राम अवतार मीणा, एक्सईएन प्रदीप जैन, एक्सईएन अनिल गर्ग और मोहनगढ़ थानाधिकारी गुमान सिंह मौजूद रहे। किसानों ने अधिकारियों के समक्ष SBS सेकंड ग्रुप, MGM, MGD और मण्डाऊ नहरों में तत्काल सिंचाई पानी छोड़ने की मांग रखी।

किसानों की मांग पर वार्ता के बाद अधिकारियों ने SBS सेकंड ग्रुप में पानी छोड़ दिया। वहीं, अन्य संबंधित नहरों में भी पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। हालांकि, अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद किसान धरना समाप्त करने के लिए तैयार नहीं हुए।

किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक सभी संबंधित नहरों में पर्याप्त मात्रा में सिंचाई पानी नहीं पहुंचता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। किसानों का कहना है कि उनकी मांग पूरी होने के बाद ही धरना समाप्त करने पर निर्णय लिया जाएगा।

बाइट- साभान खान, किसान नेता

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।