किसानों को भू-अर्जन का उचित मुआवजा समय पर मिले, सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करें : उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सागर और आसपास के जिलों की कनेक्टिविटी मजबूत करने के निर्देश, नल-जल योजनाओं, बिजली आपूर्ति और सिंचाई परियोजनाओं की भी समीक्षा
भोपाल, 29 नवंबर 2026।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में सागर जिले और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से भू-अर्जन से प्रभावित किसानों को समय पर सूचना देने और नियमानुसार मुआवजा एवं अन्य लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
सड़क कनेक्टिविटी और राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष जोर
उपमुख्यमंत्री ने सागर-दमोह, दमोह-कटनी और वेस्टर्न बाईपास सागर लिंक रोड (बेरखेड़ी से गढ़पहरा बायपास) सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सागर सहित आसपास के जिलों की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं। जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की मांग के अनुरूप आवश्यक स्थानों पर एप्रोच रोड निर्माण की कार्रवाई भी की जाए।
पेयजल और बिजली आपूर्ति की व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश
नल-जल योजना, सामूहिक और एकल जल प्रदाय योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने जल निगम एवं जलापूर्ति से जुड़े सभी कार्य तय समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की तत्काल मरम्मत कराकर नागरिकों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
कृषि, उद्योग और घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति की समीक्षा करते हुए उन्होंने किसानों को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार प्रतिदिन पूरे 10 घंटे उचित वोल्टेज के साथ बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कम वर्षा वाले क्षेत्रों में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने वैकल्पिक फसलों और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया, ताकि कृषि रकबे और किसानों की आय में वृद्धि हो सके। इस दौरान जिले की प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति और उनसे मिलने वाले लाभों की भी समीक्षा की गई।
भू-अर्जन प्रभावित किसानों को समय पर मिले मुआवजा
विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित भूमि से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों को समय पर पूर्व सूचना दी जाए। शासन के नियमानुसार मुआवजा और अन्य पात्र लाभ बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराए जाएं। पात्र हितग्राहियों को पट्टा और स्वामित्व योजना का लाभ भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अभयारण्य क्षेत्र की परियोजनाओं से प्रभावित किसानों की भूमि के संबंध में जानकारी लेते हुए सभी पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार मुआवजा वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनके हितों का पूरा ध्यान रखा जाए।
बैठक में खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, बीना विधायक निर्मला सप्रे, महापौर संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, रानी कुशवाहा, प्रभु दयाल पटेल और शैलेश केसरवानी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, डीएफओ रजनीश सिंह, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, एडीएम अविनाश रावत, एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी और बीएमसी डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।