भोपाल

किसानों को जरूरत के अनुसार आसानी से मिले खाद-बीज और कृषि अनुदान: संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 29 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
किसानों को जरूरत के अनुसार आसानी से मिले खाद-बीज और कृषि अनुदान: संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा

भोपाल। रबी सीजन 2026-27 में किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खाद, बीज और अन्य कृषि अनुदान सुगमता से उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। संभाग में खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ किसानों को समय पर कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि बुवाई और खेती के काम में परेशानी न हो।

यह निर्देश संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने बुधवार को कमिश्नर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए।संभागायुक्त ने कहा कि किसानों को फसलों के विविधीकरण, उर्वरकों के संतुलित उपयोग, प्रमाणित बीजों के प्रयोग और आधुनिक कृषि यंत्रों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।

किसानों को इस वर्ष फसलों की जल्दी बुवाई के लिए भी प्रोत्साहित किया जाए, ताकि मिट्टी में वर्तमान में उपलब्ध नमी का अधिकतम उपयोग किया जा सके।

घर बैठे व्हाट्सएप से खाद का टोकन संभागायुक्त ने कहा कि शासन ने किसानों के लिए खाद वितरण व्यवस्था को सुगम बनाया है। किसान घर बैठे व्हाट्सएप के माध्यम से खाद के लिए टोकन जनरेट कर सकते हैं। इसके अलावा पंचायत स्तर पर फैसिलिटेशन सेंटर भी बनाए गए हैं। प्रत्येक किसान को उसकी आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त खाद उपलब्ध कराया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि खाद वितरण पर विशेष निगरानी रखें और किसानों को खाद लेने के लिए दूर न जाना पड़े।

सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली देने के निर्देश

संभाग के सभी जिलों में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। संभागायुक्त ने कहा कि बिजली की अनावश्यक कटौती नहीं की जाए, ताकि किसानों को सिंचाई संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े और कृषि कार्य प्रभावित न हों।

जनसमस्याओं का समय पर हो निराकरण मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों में आम लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को शिविरों के साथ संबंधित केंद्रों पर स्थित शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण भी अनिवार्य रूप से करने को कहा गया। निरीक्षण प्रतिवेदन समय पर कलेक्टर कार्यालय और संभागायुक्त कार्यालय को भेजने के साथ परख पोर्टल पर अपलोड करना होगा।

संभागायुक्त ने स्पष्ट किया कि जन विश्वास शिविरों में प्राप्त शिकायतों के अलावा सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों का भी समय सीमा में निराकरण किया जाए। सीएम हेल्पलाइन का कोई भी प्रकरण 50 दिन से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए।

नरवाई जलाने पर रोक और फसल बीमा पर जोर संभागायुक्त ने सभी जिलों में नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। किसानों को नरवाई नहीं जलाने के प्रति जागरूक करने और हार्वेस्टर के उपयोग के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक हार्वेस्टर में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) लगा होना चाहिए, जिससे फसल अवशेषों को मिट्टी में मिलाने में मदद मिल सके।

इसके साथ ही किसानों को फसल बीमा योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए बीमा कंपनियों और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास डॉ. विनोद यादव, उपायुक्त राजस्व भारती देवी मिश्रा सहित सभी संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

5 लोवर हेडर रबी सीजन के लिए खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

व्हाट्सएप से खाद का टोकन बना सकेंगे किसान, पंचायत स्तर पर फैसिलिटेशन सेंटर

सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली आपूर्ति हो, अनावश्यक कटौती पर रोक

सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण 50 दिन से अधिक लंबित नहीं रहें

नरवाई जलाने पर प्रभावी कार्रवाई, हार्वेस्टर में एसएमएस अनिवार्य करने के निर्देश

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।