किसानों की समृद्धि ही हमारा लक्ष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों की समृद्धि ही राज्य सरकार का लक्ष्य और प्रतिबद्धता है। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में बलराम कृषि महोत्सव महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
इसके तहत प्रदेश के सभी जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार, 9 अक्टूबर तक प्रदेश के 55 में से करीब 43 जिलों में जिला स्तरीय आयोजन हो चुके हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से कृषि विशेषज्ञ, वैज्ञानिक और जिला अधिकारी सीधे किसानों से संवाद कर रहे हैं।
किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, आधुनिक कृषि यंत्रों और खेती में नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे कम निवेश में अधिक आमदनी हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि बदलते समय में खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए परंपरागत तरीकों के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाना जरूरी है। कृषि विशेषज्ञों से मिलने वाली नई जानकारी किसानों को बेहतर उत्पादन, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध करा सकती है।
मुख्यमंत्री ने किसानों से बलराम कृषि महोत्सव में भाग लेकर विशेषज्ञों की सलाह का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और कृषि क्षेत्र में समृद्धि के नए अवसर पैदा करना है। इसके लिए जरूरी उपाय और व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
खेती को लाभकारी बनाने का सशक्त मंच
प्रदेश में 15 जुलाई 2026 से शुरू हुई बलराम कृषि महोत्सव की श्रृंखला से अब तक हजारों किसान लाभान्वित हो चुके हैं। यह महोत्सव खेती-किसानी में आधुनिक तकनीकों को खेतों तक पहुंचाने, कृषि संबंधी चुनौतियों से निपटने और किसानों को आय बढ़ाने के नए अवसरों से जोड़ने का मंच बन रहा है।
--------
किसानों की समृद्धि ही सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रदेश के 55 में से करीब 43 जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित
आधुनिक तकनीक और उन्नत कृषि यंत्रों से जुड़ेंगे किसान
कम निवेश में अधिक आमदनी के लिए किसानों को किया जा रहा प्रेरित
बलराम कृषि महोत्सव से अब तक हजारों किसान लाभान्वित