अपराध

कोलकाता भगदड़ हादसा: पूजा आयोजक समेत 7 लोग गिरफ्तार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 18 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
कोलकाता भगदड़ हादसा: पूजा आयोजक समेत 7 लोग गिरफ्तार

अक्टूबर 18, नई दिल्ली: कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। हादसे के सिलसिले में पूजा आयोजकों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है, जबकि 25 लोग घायल हैं और विभिन्न अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। जांच के सिलसिले में पुलिस ने देर रात 14 लोगों को हिरासत में लिया था। वहीं, कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद ने बोबाजार इलाके के कुछ हिस्सों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है। यह आदेश 18 से 20 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान पांच या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर एकत्र होने पर रोक रहेगी। साथ ही, लाठी या अन्य खतरनाक हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी।

हादसे के बाद राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को ग्रुप-डी की सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। घायलों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता दी जाएगी और उनके इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।

वहीं, केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।