कोटा में दीपावली पर पुलिस-परिवारों के लिए फायरवर्क-शो हुआ:एसपी तेजस्विनी गौतम ने पुलिसकर्मियों और परिजनों के साथ मनाई खुशियां, जमकर की आतिशबाजी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →दीपावली के त्योहार पर ड्यूटी में तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए कोटा शहर पुलिस की ओर से विशेष फायरवर्क शो एवं स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। दशहरा मेले के सफल आयोजन के बाद दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मनाईं।
करीब आधे घंटे तक आसमान में अलग-अलग रंगों की आतिशबाजी हुई। रंग-बिरंगी रोशनी से आसमान जगमगा उठा। पुलिसकर्मियों के बच्चों ने भी पटाखे फोड़े और कार्यक्रम का जमकर आनंद लिया। पुलिस परिवार, पुलिस मित्र व अन्य लोग मौजूद रहे कार्यक्रम का आयोजन एसपी तेजस्विनी गौतम और नगर निगम महापौर अनुसूया गोस्वामी की प्रेरणा से किया गया।
इसमें कोटा शहर पुलिस, कोटा ग्रामीण पुलिस और द्वितीय आरएसी के पुलिस अधिकारी, जवान और उनके परिवारजन शामिल हुए। इसके अलावा सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़े सीएलजी सदस्य, वाईसीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी, ग्राम रक्षक, पुलिस मित्र और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। पुलिस परिवारों के लिए हुआ आयोजन एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि पुलिसकर्मी त्योहारों पर भी अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के चलते कई बार वे परिवार के साथ त्योहार नहीं मना पाते। उनके परिजन भी इन अवसरों पर उनकी अनुपस्थिति महसूस करते हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए पुलिस परिवारों के लिए यह आयोजन किया गया, ताकि जवान भी अपने परिवार के साथ कुछ पल खुशियां बिता सकें। एसपी ने मुंह मीठा कराया कार्यक्रम के दौरान एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों का मुंह मीठा कराया तथा दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से पुलिस परिवारों में आपसी आत्मीयता और विश्वास बढ़ता है। साथ ही पुलिस और आमजन के बीच सामुदायिक सहभागिता भी मजबूत होती है।
📡 स्रोत: NewsData.io