अपराध

कोटा हादसा: सड़क हादसों पर लगाम के लिए ब्लैक स्पॉट की होगी पहचान: ओम बिरला

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 17 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
कोटा हादसा: सड़क हादसों पर लगाम के लिए ब्लैक स्पॉट की होगी पहचान: ओम बिरला

कोटा, 17 अक्टूबर। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सिमलिया क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दुर्घटना संभावित स्थानों और ब्लैक स्पॉट की पहचान कर उन्हें सुधारने की बात कही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

बिरला शनिवार को कोटा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और हादसे में घायल यात्रियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की जानकारी ली और प्रशासन तथा अस्पताल प्रबंधन को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मीडिया से बातचीत में बिरला ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि हादसे की जांच कराई जा रही है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे सहित अन्य सड़कों पर रोड सेफ्टी टीमें लगातार अध्ययन कर रही हैं। एनएचएआई, सार्वजनिक निर्माण विभाग और स्थानीय सड़कों से जुड़े दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर उनमें सुधार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए और सड़क सुरक्षा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। गौरतलब है कि शनिवार सुबह कराडिया टोल के आगे खाटूश्यामजी जा रही एक ट्रैवलर बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए गहरे गड्ढे में गिर गई थी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।

वहीं हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व राज्यपाल हरि भाऊ बागड़े ने भी दुख व्यक्त किया है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।