राज्य

कोटपूतली-बहरोड़ में 200 किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 16 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
कोटपूतली-बहरोड़ में 200 किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट

खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में जांच अभियान के तहत कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। कोटपूतली में करीब 200 किलो दूषित मिठाई, घेवर, चासनी और बेसन मौके पर नष्ट करवाए गए।

कोटपूतली-बहरोड़, 10 सितंबर: जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सात दिवसीय जांच अभियान चलाया जा रहा है। जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता के निर्देशानुसार 7 सितंबर से शुरू हुए अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के साथ नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के तहत कोटपूतली स्थित महालक्ष्मी मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। परिसर में चूहे, मक्खियां और मच्छर पाए गए। इसके अलावा खाद्य पदार्थों को खुले में रखने और उचित तरीके से रखरखाव नहीं करने की भी स्थिति सामने आई। इन कमियों को देखते हुए विभाग ने प्रतिष्ठान संचालक को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में रखी दूषित मिठाई, घेवर, चासनी और बेसन सहित करीब 200 किलोग्राम खाद्य सामग्री मिली। खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभागीय टीम ने इस सामग्री को जनहित में मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

इसी अभियान के तहत बहरोड़ बस स्टैंड स्थित गुप्ता मिष्ठान भंडार का भी निरीक्षण किया गया। यहां से चाउमीन का नमूना खाद्य सुरक्षा जांच के लिए लिया गया। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर संचालक को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया।

वहीं कस्बे में स्थित रिलायंस रिटेल लिमिटेड मार्ट का निरीक्षण कर बेसन लड्डू और कच्ची घानी सरसों तेल के दो नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और स्वच्छता मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।