राजनीति

कुफरी-चायल सड़क गड्ढों में तब्दील, पर्यटकों और वाहन चालक परेशान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
कुफरी-चायल सड़क गड्ढों में तब्दील, पर्यटकों और वाहन चालक परेशान

सितंबर 25, शिमला (हिमाचल प्रदेश): प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुफरी को चायल से जोड़ने वाली करीब 25 किलोमीटर लंबी सड़क इन दिनों जगह-जगह गड्ढों के कारण बदहाल हो गई है। इस मार्ग से प्रतिदिन देश-विदेश से आने वाले सैकड़ों पर्यटक चायल और कुफरी के बीच आवाजाही करते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

करीब सात दशक पुरानी यह सड़क वर्तमान में भी सिंगल लेन है। लंबे समय से पर्याप्त रखरखाव और मरम्मत न होने के कारण कई स्थानों पर सड़क की हालत खराब हो चुकी है। विशेषकर कोटी से मुंडाघाट-कुफरी तक कई जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं। कुछ गड्ढे इतने गहरे हैं कि छोटे वाहनों के चौंबर सहित अन्य निचले हिस्सों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग केवल पर्यटन की दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि जुन्गा और चायल क्षेत्र की दर्जनों पंचायतों के लोगों के लिए भी प्रमुख संपर्क मार्ग है। ऐसे में सड़क की नियमित मरम्मत और गड्ढों को भरने की आवश्यकता है। चमियाणा जिला परिषद वार्ड के सदस्य खुश विक्रम सेन ने बताया कि उन्होंने जिला परिषद की बैठक में भी इस सड़क की समस्या को उठाया था।

उनके अनुसार बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने आगामी वित्त वर्ष 2027 में सड़क को चौड़ा करने और पक्का करने का आश्वासन दिया है। दूसरी ओर भाजपा जिला प्रवक्ता जितेंद्र भोटका, कोटी पंचायत के पूर्व प्रधान रमेश शर्मा, भाजपा वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रीतम सिंह ठाकुर, डॉ. विश्व बंधु जोशी सहित क्षेत्र के अनेक लोगों ने सरकार से सड़क के गड्ढों को शीघ्र भरने तथा आवश्यक मरम्मत करवाने की मांग की है।

इस सड़क का काम देख रहे लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता धमेन्द्र ठाकुर ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों को शीघ्र भरा जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस सड़क के लिए सीआरआईएफ के तहत 52 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत है और इसका कार्य शुरू कर दिया गया है। परियोजना के प्रथम चरण में सड़क के किनारे डंगे लगाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए डंगे लगाने का कार्य किया जा रहा है। परियोजना के तहत सड़क को आवश्यकतानुसार चौड़ा और बेहतर बनाने का काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।