कुल्लू में 21 अक्टूबर से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव, सजने लगा ढालपुर मैदान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
देशभर में 20 अक्टूबर को दशहरा उत्सव मनाया जाएगा और रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा, जबकि कुल्लू में उदया तिथि के अनुसार 21 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव की शुरुआत होगी। भगवान रघुनाथ की रथयात्रा के साथ सात दिवसीय उत्सव का आगाज होगा। इसे लेकर ढालपुर मैदान में तैयारियां तेज हो गई हैं। भगवान रघुनाथ के अस्थायी शिविर को सजाया जा रहा है, वहीं मेला मैदान में व्यापारी अपनी दुकानें लगाने में जुट गए हैं। दशहरा उत्सव समिति की ओर से माल रोड को भी रंग-बिरंगे आकर्षक डिजाइन से सजाया जा रहा है।
21 अक्टूबर को राज्यपाल कविंद्र गुप्ता अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव का शुभारंभ करेंगे। वहीं, सातवें दिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ढालपुर पहुंचकर उत्सव का समापन करेंगे।भगवान रघुनाथ के कारदार दानवेंद्र सिंह ने बताया कि कुल्लू में दशहरा उत्सव सनातन धर्म के पंचांग के अनुसार मनाया जाता है।
उनके अनुसार, 20 अक्टूबर को दशमी तिथि दोपहर बाद शुरू होगी, जबकि दशमी तिथि का सूर्योदय 21 अक्टूबर को होने के कारण उदया तिथि के आधार पर कुल्लू में उत्सव की शुरुआत 21 अक्टूबर को की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष उत्सव में 300 से अधिक देवी-देवताओं ने भाग लिया था। इस वर्ष भी आने वाले देवी-देवताओं का स्वागत किया जाएगा।
भगवान रघुनाथ के वस्त्र तैयार कर लिए गए हैं और उनके अस्थायी शिविर को सजाने का काम जारी है। 21 अक्टूबर को ढालपुर मैदान में भगवान रघुनाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी।
बाइट - दानवेंद्र सिंह