राज्य

कुल्लू में अभियान "मेरा जल निकाय, मेरी जिम्मेदारी” के तहत कार्यक्रम आयोजित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 14 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
कुल्लू में अभियान "मेरा जल निकाय, मेरी जिम्मेदारी” के तहत कार्यक्रम आयोजित

अक्तूबर 14,कुल्लू (हिमाचल प्रदेश): प्रदेश मत्स्य विभाग द्वारा प्रदेश भर में जल निकाय स्वच्छता एवं संरक्षण अभियान जागरूकता चलाया जा रहा हैl यह अभियान “मेरा जल निकाय, मेरी जिम्मेदारी” की थीम तथा “स्वच्छ जल निकाय-जलीय जीवन बचाएं” के संदेश के साथ आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य जल निकायों की स्वच्छता, संरक्षण तथा जल स्रोतों में प्रदूषण की रोकथाम के प्रति आम जनता को जागरूक करना है।

इस अभियान के तहत कुल्लू जिला के गड़सा में विशेष जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी,राजिंदर पाल ठाकुर कुल्लू द्वारा विभागीय कर्मचारियों के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गड़सा प्रधानाचार्या अनीता शर्मा, एनएसएस स्वयंसेवकों तथा स्थानीय लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान जनसहभागिता को व्यवहारिक रूप देने के उद्देश्य से प्रतिभागियों ने गड़सा, धारा के किनारे जमा मलबे, कचरे एवं अन्य अनावश्यक सामग्री की सफाई की तथा लगभग 45 किलोग्राम मलबा/कचरा एकत्र किया। इस गतिविधि के माध्यम से स्थानीय समुदाय को जल स्रोतों एवं उनके आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ, स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त रखने के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

मत्स्य विभाग ने सभी वर्गों से आगे आकर ब्यास नदी एवं इसकी सहायक धाराओं, नालों, खड्डों तथा अन्य जल निकायों को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने में अपना योगदान देने की अपील की है, ताकि वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ जल एवं स्वस्थ जलीय पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।